सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कृषि उपज मंडी परिसर, सारंगढ़ में जिला स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन उत्साह, अनुशासन और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, पत्रकारों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा 365 डेज – एम्ब्रेस योगा” तथा “बढ़ती उम्र के स्वास्थ्य के लिए योग” रही। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री धनवंतरी एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके पश्चात व्यायाम शिक्षिका ममता साहू ने सभी उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया, जिसमें हजारों लोगों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान योग की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। सिम्मी योगा एंड फिटनेस सेंटर के बच्चों ने सामूहिक योग प्रदर्शन कर खूब सराहना बटोरी। वहीं योगाचार्य सुभाष पटेल की टीम ने संतुलन और अनुशासन से भरपूर योगाभ्यास प्रस्तुत किया। सरिया की योगिनी अकादमी ने श्रीरामचंद्र सहित विभिन्न प्रेरणादायक गीतों पर सामूहिक योग प्रदर्शन कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके अलावा साक्षी पटेल ने एकल योग प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि टंकराम वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र निर्माण के संदेश का वाचन करते हुए सभी नागरिकों को नियमित योग अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच का आधार है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने योग प्रदर्शन करने वाले सभी दलों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाए। वहीं आयोजित हस्ताक्षर अभियान में अतिथियों, अधिकारियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए नियमित योग करने का संकल्प लिया।
मंडी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग एक हजार नागरिकों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। कार्यक्रम के समापन पर खाद्य विभाग द्वारा प्रतिभागियों के लिए मूंग, अंकुरित चना और गुड़ से युक्त पौष्टिक नाश्ते की व्यवस्था की गई, जबकि आयुष विभाग द्वारा काढ़ा चाय का वितरण किया गया। प्रभारी मंत्री, कलेक्टर सहित सभी अतिथियों ने इसका सेवन कर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य दिनेश जांगड़े, अभिलाषा नायक, सहोदरा सिदार, शिवकुमारी साहू, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, बरमकेला जनपद पंचायत अध्यक्ष विद्या चौहान, ज्योति पटेल, सुभाष जालान, दुर्गा ठाकुर, मनोज जायसवाल, वैजयंती लहरे, नत्थूलाल केडिया, घनश्याम बंसल, लिंगराज पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, योग प्रेमी तथा योग शिक्षिका ममता साहू के परिजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम पूरे जिले में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का प्रेरणादायी संदेश देकर संपन्न हुआ।



- योगमय हुआ सारंगढ़: हजारों लोगों ने किया सामूहिक योग, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश… - June 21, 2026
- सारंगढ़:मोदी सरकार के 12 साल पर महिला मोर्चा का रचनात्मक आयोजन, प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह… - June 21, 2026
- सारंगढ़:फ्लोराइड युक्त पानी पीने को मजबूर मासूम, स्कूलों के बंद ईडीएफ प्लांट बने चिंता का कारण… - June 21, 2026


