सारंगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में भाजपा महिला मोर्चा जिला सारंगढ़ द्वारा जिला भाजपा कार्यालय में विविध रचनात्मक एवं प्रेरणादायी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रंगोली, चित्रकला, पेंटिंग, भाषण प्रतियोगिता तथा बिना गैस, बिना आग और बिना तेल से तैयार पौष्टिक आहार प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल ने देश की बदली हुई दशा और दिशा पर अपने विचार रखे। जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को धरातल पर उतारा गया है। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष सुभाष जालान ने कहा कि आज ऐसा शायद ही कोई परिवार होगा जिसे केंद्र सरकार की किसी न किसी योजना का लाभ न मिला हो।
कार्यक्रम में जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष बैजयंती नंदू लहरें ने भी महिलाओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला कार्यसमिति सदस्य सुशीला भूषण चंद्रा ने बताया कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच उपलब्ध कराना और प्रधानमंत्री के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण बिना गैस, बिना आग और बिना तेल से तैयार पौष्टिक आहार प्रदर्शनी रही। महिला कार्यकर्ताओं ने अपने घरों से अलग-अलग प्रकार के स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार कर प्रदर्शित किए। विविधता बनाए रखने के लिए प्रतिभागियों से पहले ही व्यंजनों की जानकारी ली गई थी, ताकि किसी भी व्यंजन की पुनरावृत्ति न हो।
महामंत्री शिवकुमारी अनिल साहू ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। सभी प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महिला मोर्चा की महामंत्री शिवकुमारी साहू ने किया।
इस अवसर पर संभाग प्रभारी रामु रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, अमित तिवारी, द्वारिका प्रसाद, अजय जवाहर नायक, केराबाई मनहर, परिमल चंद्रा, हरिनाथ खुटें, रामशिला साहू, राधा राकेश सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के सम्मान और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।


- योगमय हुआ सारंगढ़: हजारों लोगों ने किया सामूहिक योग, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश… - June 21, 2026
- सारंगढ़:मोदी सरकार के 12 साल पर महिला मोर्चा का रचनात्मक आयोजन, प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह… - June 21, 2026
- सारंगढ़:फ्लोराइड युक्त पानी पीने को मजबूर मासूम, स्कूलों के बंद ईडीएफ प्लांट बने चिंता का कारण… - June 21, 2026


