सारंगढ़। सारंगढ़ विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल कनकबीरा एवं बटाऊपाली-बी में खनिज न्यास मद से स्थापित ईडीएफ (इलेक्ट्रोलाइटिक डिफ्लोरिडेशन) प्लांट लंबे समय से खराब पड़े हैं। इसके कारण स्कूली बच्चों और शिक्षकों को मजबूरी में फ्लोराइड युक्त पानी पीना पड़ रहा है। यह स्थिति न केवल शिक्षा व्यवस्था की लापरवाही को उजागर कर रही है, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा पैदा कर रही है।
जानकारी के अनुसार, इन स्कूलों में लगाए गए ईडीएफ प्लांट का उद्देश्य पानी में मौजूद अतिरिक्त फ्लोराइड की मात्रा को कम कर विद्यार्थियों और शिक्षकों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना था। लेकिन नियमित रखरखाव और निगरानी के अभाव में दोनों प्लांट बंद हो गए हैं, जिससे उनकी उपयोगिता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।
स्थानीय ग्रामीणों और पालकों का कहना है कि स्कूल में अध्ययनरत बच्चे प्रतिदिन इसी फ्लोराइड युक्त पानी का सेवन कर रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय तक ऐसे पानी के उपयोग से डेंटल फ्लोरोसिस और स्केलेटल फ्लोरोसिस जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं, जिनसे दांतों और हड्डियों पर स्थायी दुष्प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है।
इस गंभीर समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रामकुमार थूरिया ने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोनों स्कूलों में खराब पड़े ईडीएफ प्लांट की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें फिर से चालू कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में यह बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर संकट बन सकता है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर स्कूलों में सुरक्षित पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

- योगमय हुआ सारंगढ़: हजारों लोगों ने किया सामूहिक योग, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश… - June 21, 2026
- सारंगढ़:मोदी सरकार के 12 साल पर महिला मोर्चा का रचनात्मक आयोजन, प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह… - June 21, 2026
- सारंगढ़:फ्लोराइड युक्त पानी पीने को मजबूर मासूम, स्कूलों के बंद ईडीएफ प्लांट बने चिंता का कारण… - June 21, 2026


