सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 जून 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत जिले में 20 जून तक विशेष पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में आम नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पंजीकरण, त्रुटि सुधार और समस्याओं के त्वरित निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले में सारंगढ़ के मंडी प्रांगण और बरमकेला के मंगल भवन में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक, जबकि बिलाईगढ़ के वार्ड क्रमांक 6 स्थित सामुदायिक भवन में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर संचालित किए जाएंगे।
शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य जनहितकारी योजनाओं के अंतर्गत पंजीकरण एवं लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि तक अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। इस पहल का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

