बरमकेला। सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त एक शिकायत पर राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामले का खुलासा किया है। तहसील सरिया के अंतर्गत ग्राम गोबरसिंहा में छोटे झाड़ के जंगल की शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण पाए जाने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 26 मई को आयोजित सुशासन तिहार शिविर में ग्राम गोबरसिंहा निवासी अश्वनी कुमार साहू ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि गांव के कार्तिक साहू एवं उनके पुत्र घनश्याम साहू द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग ने 6 जून को पटवारी हल्का नंबर-7 के माध्यम से मौके पर जांच कराई।
मौका मुआयना के दौरान खसरा नंबर 410/1, जिसका कुल रकबा 1.072 हेक्टेयर है और राजस्व अभिलेखों में “छोटे झाड़ के जंगल” के रूप में दर्ज है, पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि कार्तिक साहू ने करीब 1275 वर्गमीटर शासकीय भूमि पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के मकान, चारदीवारी तथा लगभग 11 फीट ऊंची दीवार बनाकर बड़े गोदाम का निर्माण कर लिया है। साथ ही आवागमन के लिए शासकीय रास्ते का भी उपयोग किया जा रहा था।
पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति ग्राम पंचायत से किसी भी प्रकार की निर्माण अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पटवारी ने मौके पर पंचनामा तैयार किया, जिस पर शिकायतकर्ता अश्वनी कुमार साहू, ग्राम कोटवार तथा अन्य ग्रामीणों ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर किए। हालांकि, आरोपित पक्ष ने पंचनामा पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।
राजस्व विभाग ने जांच रिपोर्ट एवं पंचनामा तैयार कर उच्चाधिकारियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया है। अब शासकीय भूमि पर हुए अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
तहसीलदार सरिया कोमल प्रसाद साहू ने बताया, “उक्त मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। संबंधित को नोटिस जारी किया जा रहा है। गोबरसिंहा के एक अन्य मामले में भी नोटिस जारी किया गया है। बहुत जल्द नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

- सारंगढ़:बंद कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक, दरवाजा तोड़ने पर सामने आई दर्दनाक सच्चाई… - June 18, 2026
- विश्वास और विकास का महाकुंभ: जनकल्याण योजनाओं से जुड़ने उमड़े लोग, मंडी प्रांगण में लगा पंजीकरण शिविर… - June 18, 2026
- महुआ शराब पर आबकारी का शिकंजा, 20 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी जेल भेजा… - June 18, 2026

