सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 जून 2026। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने गुरुवार को सारंगढ़ के गढ़चौक स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन शाखा एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चावल, नमक और शक्कर की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विशेष रूप से पीडीएस के लिए संग्रहित चावल की गुणवत्ता पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि राशन दुकानों और हितग्राहियों तक केवल साफ, सुरक्षित एवं उच्च गुणवत्ता वाला चावल ही पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को राइस मिलरों से गुणवत्तापूर्ण चावल की खरीदी सुनिश्चित करने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गोदामों की भंडारण क्षमता, खाद्यान्न के रखरखाव, परिवहन व्यवस्था तथा वाहनों में जीपीएस सुविधा की उपलब्धता की भी जानकारी ली। उन्होंने 60 टन क्षमता वाले धर्मकांटा का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा गोदाम परिसर का विस्तृत अवलोकन किया।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्यान्न के भंडारण, परिवहन और वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित रहे, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर उमेश कुमार साहू, जिला खाद्य अधिकारी गणेश कुमार कुर्रे तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक घनश्याम कश्यप सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

- 15 अगस्त की तैयारियों पर कलेक्टर सख्त, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश… - August 4, 2026
- मां का दूध है शिशु का अमृत, स्तनपान सप्ताह में माताओं को दिया गया स्वास्थ्य का संदेश… - August 4, 2026
- ‘बिहान’ की राखियों की धूम: एक दिन में ₹13,420 की बिक्री, महिलाओं के हुनर को मिला सम्मान… - August 4, 2026




