सारंगढ़।
“प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना आर्थिक संसाधनों से जूझते परिवारों और छोटे-छोटे व्यवसायियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली एक क्रांतिकारी योजना है। यह न केवल स्वरोजगार को बढ़ावा देती है, बल्कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का सबसे सशक्त माध्यम है।” ये बातें जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने जिला मुख्यालय के मंडी परिसर में आयोजित भव्य ‘पीएम स्वनिधि महोत्सव’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।

अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना सरकार का लक्ष्य- संजय
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाना और उन्हें मुख्यधारा में जोड़ना है। पीएम स्वनिधि योजना इसी सकारात्मक सोच का परिणाम है, जिसके तहत छोटे व्यवसायियों को बिना किसी गारंटी के ऋण (लोन) उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि वे बिना किसी मानसिक दबाव के अपने व्यापार का विस्तार कर सकें।
”इस योजना का लाभ उठाकर आज हजारों लाभार्थी अपने परिवारों की आजीविका को सुदृढ़ कर रहे हैं। बिना गारंटी के मिलने वाला यह ऋण छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है।”
मंडी परिसर में आयोजित इस गरिमामय ‘पीएम स्वनिधि महोत्सव’ में हितग्राहियों का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय के साथ जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, अनुविभागीय अधिकारी (SDM) वर्षा बंसल, प्रवक्ता भुवन लाल मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि अरुण गुड्डू यादव, अजा प्रदेश महामंत्री हरिनाथ खूंटे, सतीश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और भारी संख्या में योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।

