सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 जून 2026। जिले में गौण खनिज के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने लगातार कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं पर बड़ा शिकंजा कसा है। विभिन्न तहसीलों में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान रेत, चूनापत्थर और डोलोमाइट के अवैध परिवहन एवं उत्खनन में संलिप्त 13 वाहन तथा 2 पोकलेन मशीनों को जब्त किया गया।
खनिज विभाग की टीम ने 13 जून को तहसील भटगांव क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे 3 ट्रैक्टर और हाईवा क्रमांक CG-22-X-4655 सहित चूनापत्थर का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर थाना भटगांव की सुपुर्दगी में सौंप दिया।
वहीं, 13 और 14 जून को तहसील सारंगढ़ के ग्राम गुडेली-टिमरलगा क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 4 ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में 15 जून को सरिया क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान डोलोमाइट का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर ट्रेलर क्रमांक CG-13-AY-2328 को जब्त कर थाना सरिया के सुपुर्द किया गया।
सबसे बड़ी कार्रवाई 16 जून को ग्राम टिमरलगा में हुई, जहां खनिज अमले ने औचक निरीक्षण के दौरान अवैध चूनापत्थर उत्खनन में लगी 2 पोकलेन मशीनें तथा हाईवा क्रमांक CG-13-BH-8987 को जब्त किया। जब्त मशीनों और वाहन को ग्राम टिमरलगा के कोटवार की सुपुर्दगी में दिया गया।
खनिज विभाग ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

- “मां” की मौत का दर्द लेकर इंसाफ की तलाश में दर-दर भटकता बेटा!अब सिर्फ सारंगढ़ एसपी सुनील शर्मा से न्याय की उम्मीद..जमीन विवाद के बाद बुजुर्ग मां की मौत से टूटा परिवार…दोषियों पर जल्द कार्रवाई की लगाई गुहार.. - September 19, 2026
- सारंगढ़ में शिक्षा की राह लौटे बच्चे, सेवा संकल्प ने जगाई नई उम्मीद… - September 19, 2026
- सारंगढ़ में सेवा संकल्प का असर, छूटी पढ़ाई फिर शुरू; बच्चों ने बुना सुनहरा भविष्य… - September 19, 2026
