रायगढ़, 16 जून। थाना कोतरारोड में आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किए गए आरोपी संजय बघेल की न्यायिक अभिरक्षा के दौरान हुई मौत के मामले में जिला पुलिस ने पहली बार विस्तृत घटनाक्रम सार्वजनिक किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस का पक्ष रखते हुए कहा कि थाना परिसर में आरोपी के साथ किसी प्रकार की मारपीट या अभद्रता नहीं की गई।
पुलिस के अनुसार 10 जून को मुखबिर की सूचना पर अरसीपाली चौक के पास से संजय बघेल के कब्जे से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई थी। कार्रवाई पूरी करने के बाद दोपहर 12:43 बजे उसे थाना लाया गया और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर दोपहर 2:15 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को भी दी गई, जिसके बाद उसका भाई अजय बघेल और अन्य परिजन थाना पहुंचे।
एसएसपी ने बताया कि थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को सामान्य स्थिति में बैठा, पानी पीते, भोजन करते तथा परिजनों से बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। शाम 4:35 बजे उसे मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में पेशी के लिए थाना से ले जाया गया। चिकित्सीय परीक्षण के दौरान उसने किसी भी प्रकार की चोट या मारपीट की शिकायत नहीं की तथा मेडिकल रिपोर्ट में उसे पूरी तरह फिट बताया गया।
पुलिस के अनुसार शाम करीब 6:30 बजे आरोपी को जेल दाखिल कराया गया, जहां उसका परिजन भी मौजूद था। एसएसपी ने कहा कि शराब बरामदगी से लेकर जेल भेजे जाने तक की पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी और दस्तावेजों में दर्ज है, जिससे थाना परिसर में मारपीट के आरोपों की पुष्टि नहीं होती।
हालांकि मृतक के परिजनों द्वारा कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों पर अवैध रूप से रुपये लेने का आरोप लगाए जाने को गंभीरता से लेते हुए जांच अधिकारी प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू और आरक्षक शंभू चौहान को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच डीएसपी मुख्यालय को सौंपी गई है।
एसएसपी ने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर मौजूद चोटों को मृत्यु का कारण नहीं माना गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच तथा विसरा परीक्षण कराया जा रहा है। पूरे मामले की न्यायिक जांच जेएमएफसी रायगढ़ द्वारा जारी है और जिला पुलिस जांच में पूर्ण सहयोग कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


- अगले 5 दिन आफत की बारिश! 16 से 20 जून तक इन राज्यों में मौसम विभाग का भयंकर अलर्ट, चलने वाली हैं तूफानी हवाएं… - June 16, 2026
- छत्तीसगढ़ सरकार ने मॉनसून से पहले दूर-दराज़ के अबूझमाड़ इलाके में राशन का स्टॉक जमा कर लिया है… - June 16, 2026
- छत्तीसगढ़ : युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो युवक गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में… - June 16, 2026

