सारंगढ़। जिले के सबसे बड़े गांव एवं ऐतिहासिक नगरी कोसीर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना को लेकर एक बार फिर राजनीति तेज हो गई है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग की जा रही है। वर्ष 2025 में सारंगढ़ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोसीर क्षेत्र की लगभग 60 हजार की आबादी को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की थी। उस समय क्षेत्र के लोगों ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए खुशी जाहिर की थी और मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया था।
अब इस मुद्दे को लेकर ब्लॉक कांग्रेस सचिव फूल कुमार विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि घोषणा के करीब डेढ़ वर्ष बीत जाने के बावजूद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा सरकार की कथनी और करनी का अंतर साफ दिखाई देता है।
फूल कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि कोसीर जैसे बड़े और महत्वपूर्ण क्षेत्र की लगातार अनदेखी की जा रही है। उनके अनुसार सरकार केवल घोषणाएं कर जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है, जबकि धरातल पर कोई कार्य दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में क्षेत्र के विकास के प्रति गंभीर होती तो अब तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी होती।
कांग्रेस नेता ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें सरकार की घोषणाओं और वास्तविक कार्यों का मूल्यांकन करना चाहिए। उनका दावा है कि कांग्रेस सरकार ने हमेशा विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है और भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।


- कलमा बैराज के सभी गेट खुलेंगे, महानदी किनारे अलर्ट जारी… - June 14, 2026
- सारंगढ़:डेढ़ साल बाद भी नहीं मिला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना…. - June 14, 2026
- खड़ेगश्वरनाथ मंदिर व खाड़ाबंद तालाब में चलाया वृहद स्वच्छता अभियान..अरुण गुड्डू यादव और टीम की अनूठी पहल.. - June 14, 2026

