सारंगढ़। सारंगढ़ से रायगढ़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित जिल्दी भाठा के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुबह तकरीबन 10:30 बजे एक तेज रफ्तार बाइक और ‘छोटा हाथी’ (मालवाहक वाहन) के बीच इतनी जोरदार टक्कर हुई कि बाइक सवार वाहन के नीचे फंस गया। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर के बाद छोटा हाथी बाइक सवार को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया।
सड़क पार करने के चक्कर में हुआ हादसा!
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंदेशा जताया जा रहा है कि बाइक सवार दर्रा भाठा की ओर से आ रहा था, तभी सारंगढ़ की ओर से आ रहे छोटा हाथी वाहन ने अचानक सड़क के एक साइड से दूसरी साइड टर्न लिया। इसी वजह से दोनों वाहनों में सीधी भिड़ंत हो गई। घायल बाइक सवार की पहचान कुर्राहा निवासी के रूप में की गई है।
स्थानीय लोगों ने ऑटो से पहुंचाया अस्पताल
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार को बेहद गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए लोगों ने बिना वक्त गंवाए पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। हालांकि, एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय सजग नागरिकों ने घायल को तत्काल एक ऑटो में लिटाया और इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया।

बढ़ते हादसे बने चिंता का विषय-
क्षेत्र में लगातार बढ़ते सड़क हादसे अब बेहद गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं। पिछले कुछ ही दिनों के भीतर इस मार्ग पर कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।




