गणेश चतुर्थी का उत्सव पूरे देश में बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। हालांकि, सबसे अधिक धूमधाम से गणेश चतुर्थी का पर्व महाराष्ट्र में मनाया जाता है। इस दौरान जगह-जगह पर पंडाल लगाए जाते हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

लोग भगवान गणेश की प्रतिमा अपने घर में स्थापित कर विधि-विधान से उनकी पूजा-अर्चना करते हैं। इस दौरान तरह-तरह के भोग भी लगाए जाते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान गणेश का प्रिय भोग मोदक है, लेकिन इसे घर पर बनाना थोड़ा मुश्किल है। हालांकि मोदक की जगह आप केले के हलवा का भोग लगा सकते हैं।
महाराष्ट्र में लोग गणपति बप्पा को केले के हलवा का भी भोग लगाते हैं। यह एक आसान और जल्दी तैयार होने वाली डिश है। अगर आपके पास मोदक बनाने का समय नहीं हो, तो पके हुए केले, घी और गुड़ से स्वादिष्ट हलवा बना सकते हैं।
केले का हलवा बनाने के लिए सामग्री
4 पके हुए केले
3-4 बड़े चम्मच गुड़
2 बड़े चम्मच घी
1 बड़ा चम्मच सूजी
आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
1 -1 बड़ा चम्मच काजू, बादाम और किशमिश
2 से 3 बड़े चम्मच दूध या जरूरत के अनुसार
इस तरह झटपट बनाएं केले का हलवा
इस हलवे के लिए अच्छी तरह पके हुए केले चुनने हैं। इसके लिए केले को छीलकर एक बड़ी कटोरी में अच्छी तरह मैश कर लें। गुड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। अगर गुड़ में गंदगी है तो उसे थोड़े पानी में घोलकर छान लें। इसके बाद इसे अलग रख दें।
अब कड़ाही में एक चम्मच घी डालकर सूजी को धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक भूनें। सूजी का रंग हल्का सुनहरा हो जाए तो इसे एक प्लेट में निकाल लें। इसके बाद कड़ाही में एक चम्मच घी डालकर मैश किए हुए केले डाल दें और धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक पकने दें। मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि यह कड़ाही में चिपके नहीं।
जब केले अच्छी तरह पक जाएं और उनका कच्चापन खत्म होने लगे, तो इसमें गुड़ डालकर अच्छी तरह मिला दें। गुड़ डालने के बाद मिश्रण हल्का पतला हो सकता है। इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए 3-4 मिनट तक पका लें। अब भुनी हुई सूजी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के अनुसार 2-3 बड़े चम्मच दूध डाल सकते हैं। इसे लगातार चलाना है, ताकि गांठें न बनें। जब हलवा गाढ़ा होने लगे और कड़ाही के किनारे छोड़ने लगे, तो इसमें कटे हुए काजू, बादाम, किशमिश और इलायची पाउडर डालकर 1-2 मिनट पका लें और फिर गैस बंद कर दें।
आपका स्वादिष्ट केले का हलवा तैयार है। अब इसे थोड़ी देर ठंडा होने दें और फिर गणपति बप्पा को भोग लगा सकते हैं। चाहें तो ऊपर से थोड़े काजू-बादाम डालकर सजा भी सकते हैं।
- IND vs WI: वेस्टइंडीज सीरीज से 8 खिलाड़ियों की छुट्टी, जानें टीम इंडिया में किसकी लगी लॉटरी? - September 17, 2026
- कैसे निकाला जाता है कॉकरोच का दूध, क्यों है यह हेल्दी? - September 17, 2026
- गणपति बप्पा के लिए मोदक नहीं बना पाए तो केले के हलवा का लगाएं भोग, आसान है रेसिपी… - September 17, 2026
