सारंगढ़। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर सोमवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने विधायक उत्तरी जांगड़े एवं कविता प्राण लहरे के नेतृत्व में सारंगढ़ कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने ग्राम झिकिपाली स्थित शासकीय देशी शराब दुकान, जो गिण्डोला मुख्य मार्ग पर संचालित हो रही है, उसे तत्काल हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई। उनका कहना था कि मुख्य मार्ग पर संचालित शराब दुकान से आम नागरिकों, महिलाओं एवं विद्यार्थियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है तथा क्षेत्र की सामाजिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में आयुष अस्पताल संचालित किए जाने की मांग करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है। साथ ही ग्राम गोड़ीहारी के पीलिया प्रभावित क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर प्रभावित लोगों का उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।
किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान कृषि सत्र को देखते हुए किसानों को समय पर खाद एवं कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि क्षेत्र के विकास, आमजन की सुविधाओं और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए इन मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ये सभी मुद्दे सीधे तौर पर जनता के स्वास्थ्य, सुरक्षा और किसानों के हितों से जुड़े हुए हैं, इसलिए इनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर विधायक उत्तरी जांगड़े, विधायक कविता प्राण लहरे, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण मालाकार, वरिष्ठ कांग्रेसी संजय दुबे, पुरुषोत्तम साहू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार, ब्लॉक अध्यक्ष राकेश पटेल, प्रवक्ता गोपाल बाघे, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजीव ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि गनपत जांगड़े, अजय बंजारे सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन, महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर उनकी आवाज लगातार बुलंद होती रहेगी तथा क्षेत्र के विकास, किसानों के अधिकारों और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने की मांग की गई।

- सारंगढ़:तिरंगे से सजे 100 ट्रैक्टर, किसानों ने निकाली भव्य यात्रा… - August 12, 2026
- 112 की तत्परता से बची युवक की जान, जहर सेवन के बाद कराया अस्पताल में भर्ती… - August 12, 2026
- खराब खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी… - August 12, 2026




