सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 जून 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों तथा सभी प्राचार्यों की उपस्थिति में स्कूल शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि दाल, भात, सब्जी सहित सभी खाद्य सामग्री स्वादिष्ट, स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से तैयार की जाए। उन्होंने नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होने से पहले स्कूल भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई एवं अन्य आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने शौचालयों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि मरम्मत योग्य शौचालयों को सरपंच एवं पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के माध्यम से तत्काल ठीक कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले का कोई भी स्कूल शौचालय विहीन नहीं होना चाहिए।
कलेक्टर ने सभी प्राचार्यों से कहा कि विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम के लिए पूरी मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि कोई भी शिक्षक कक्षा में पढ़ाई के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेगा।
उन्होंने विभागीय कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पेंशन, सर्विस बुक अपडेट, अवकाश स्वीकृति, ई-केवाईसी सहित किसी भी प्रशासनिक कार्य में भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने 10 से कम विद्यार्थियों वाले स्कूलों की विशेष समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे गांवों में घर-घर सर्वे कर अभिभावकों से यह जानकारी ली जाए कि वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में क्यों नहीं भेज रहे हैं। प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का निराकरण करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को समय पर गणवेश वितरण, स्कूलों में नियमित खेल गतिविधियों के संचालन तथा विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने बालिकाओं को कैंसर से बचाव हेतु अभिभावकों की सहमति से एचपीवी वैक्सीन लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


