सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 जून 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के तहत शुरू किए गए सभी आवासों का निर्माण बरसात से पहले हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने विवादित मामलों का पटवारी और राजस्व अधिकारियों के माध्यम से त्वरित निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर ने पीएम आवास एवं शौचालय निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यदि किसी पंचायत अधिकारी, रोजगार सहायक या अन्य कर्मचारी द्वारा आवास स्वीकृति, राशि जारी करने अथवा किसी भी शासकीय कार्य के लिए रिश्वत मांगने की शिकायत मिलती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मनरेगा के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने पर बल देते हुए अधिकारियों को नए कार्य प्रारंभ करने और मजदूरों को नियमित रोजगार देने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय योजनाओं तथा बिहान समूहों से जुड़े हितग्राहियों के लिए बैंक ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने को कहा।
कलेक्टर ने वन विभाग, उद्यानिकी विभाग और मनरेगा के समन्वय से जिले के बंजर एवं वृक्षविहीन पठारी क्षेत्रों में सीड बॉल तकनीक के माध्यम से व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला किसान सशक्तिकरण योजना के तहत महिलाओं को मुर्गीपालन, बकरीपालन, सब्जी उत्पादन और जैविक खेती जैसी गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों का निर्माण स्कूल, कॉलेज और अन्य उपयुक्त स्थानों पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में निकलने वाले मलीय कीचड़ के सुरक्षित प्रबंधन के लिए जिले में फीकल स्लज मैनेजमेंट यूनिट स्थापित की गई है, जिसके माध्यम से डी-स्लज वाहन द्वारा न्यूनतम शुल्क पर सेप्टिक टैंकों की सफाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत बर्मन, जूली तिर्की, जनपद पंचायतों के सीईओ राधेश्याम नायक, प्रतीक प्रधान, अजय पटेल, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के एसडीओ एवं इंजीनियर, मनरेगा एवं बिहान के प्रभारी अधिकारी तथा स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक निमिष कुमार सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


