बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज ने रावत जाति को केंद्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सूची में शामिल करने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर दी है। समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर स्थित राज्य अतिथि गृह पहुना में भारत सरकार के राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति से सौजन्य भेंट कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने आयोग की अध्यक्ष को बताया कि छत्तीसगढ़ में यादव समाज के अनेक परिवार रावत उपनाम का उपयोग करते हैं, लेकिन केंद्रीय ओबीसी सूची में नाम शामिल नहीं होने के कारण समाज के युवाओं और विद्यार्थियों को केंद्र सरकार की नौकरियों, शैक्षणिक संस्थानों तथा विभिन्न केंद्रीय योजनाओं में आरक्षण एवं अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे हजारों प्रतिभाशाली युवक-युवतियां अवसरों से वंचित हो रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा रावत जाति को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने संबंधी अनुशंसा पहले ही केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे समाज में निराशा का माहौल है। उन्होंने सामाजिक न्याय और समान अवसर की भावना को ध्यान में रखते हुए रावत जाति को शीघ्र केंद्रीय पिछड़ा वर्ग सूची में शामिल करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यह केवल आरक्षण का मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा विषय है। समाज लंबे समय से इस मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है और अब केंद्र सरकार से सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा कर रहा है।
इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद भी उपस्थित रहे। उन्होंने समाज की मांग को न्यायोचित बताते हुए आवश्यक पहल किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
यादव समाज ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश के सभी सांसदों को ज्ञापन सौंपकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए आगे की रणनीति तय करेगा। समाज ने यह भी कहा कि प्रतिनिधिमंडल नियमित रूप से नई दिल्ली में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग एवं संबंधित केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर अपनी मांग को प्रभावी ढंग से उठाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष भगत सिंह यादव, प्रदेश सचिव सुंदर लाल यादव, भगवती यादव, लोमश यादव, तीरथ यादव, भानु यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।


