खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के टोलागांव से एक संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। गांव के 70 वर्षीय बुजुर्ग सुखराम साहू ने आरोप लगाया है कि उनकी पोती द्वारा प्रेम विवाह किए जाने के बाद उन्हें और उनके परिवार को सामाजिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

इतना ही नहीं, कथित तौर पर समाज से बहिष्कार की धमकी देकर उनसे 55 हजार रुपये की राशि वसूली गई और समाज को भोज कराने के लिए भी दबाव बनाया गया।
सामाजिक मुद्दा बनाकर लगाकर आर्थिक दंड
सुखराम साहू के अनुसार, उनके परिवार की एक युवती ने अपनी इच्छा से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने इसे सामाजिक मुद्दा बनाकर उनके परिवार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। आरोप है कि समाज से बहिष्कार की धमकी देते हुए उन पर आर्थिक दंड लगाया गया और 55 हजार रुपये की राशि वसूल की गई। पीड़ित का कहना है कि इसके अलावा समाज को भोजन कराने का भी दबाव बनाया गया, जिसका पालन उन्होंने किया।
पत्नी की सदमे के बाद हुई मौत
सुखराम साहू ने बताया कि सामाजिक दबाव और लगातार मिल रही धमकियों से उनकी पत्नी जमुना बाई गहरे सदमे में चली गईं। पहले से अस्वस्थ होने के कारण उनकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वजनों ने बताया कि इलाज के दौरान जमुना बाई की मृत्यु हो गई। परिवार का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम ने उनकी मानसिक और आर्थिक स्थिति को बुरी तरह प्रभावित किया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब उनकी पत्नी और बहू गंभीर बीमारी के चलते रायपुर के अस्पताल में भर्ती थीं, तब भी गांव के कुछ लोग उनसे पैसों की मांग करते रहे और मानसिक दबाव बनाते रहे।
थाने से लेकर आईजी कार्यालय तक न्याय की गुहार
न्याय की मांग को लेकर सुखराम साहू ने खैरागढ़ थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए गांव के कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने राजनांदगांव आईजी कार्यालय और खैरागढ़ कलेक्टर कार्यालय में भी आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। तपती धूप में न्याय की उम्मीद लेकर कार्यालयों के चक्कर लगा रहे बुजुर्ग की पीड़ा अब चर्चा का विषय बन गई है। मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पीड़ित परिवार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहा है।
- कलेक्टर के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी, मैसेज भेजकर मचाई हलचल! - September 10, 2026
- सारंगढ़:डीईओ पटेल का फेडरेशन ने किया अभिनंदन, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा… - September 10, 2026
- 27 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच, कुपोषित बच्चों का किया चिन्हांकन… - September 10, 2026
