सारंगढ़-बिलाईगढ़, 5 जून 2026। सुशासन तिहार के अंतर्गत बिलाईगढ़ जनपद क्षेत्र के अंतिम समाधान शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत मड़कड़ी में उत्साह और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। शिविर में मड़कड़ी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां जिला स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देकर उनकी समस्याओं का समाधान किया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में कुल 1627 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रमुख रहे। अनेक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि मड़कड़ी का यह समाधान शिविर अत्यंत सफल रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में सुशासन तिहार के दौरान अब तक लगभग 22 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 19 हजार से अधिक आवेदन ऑनलाइन दर्ज किए जा चुके हैं। सभी आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया लगातार जारी है तथा शेष मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, एसडीएम प्रफुल रजक, जनपद पंचायत सीईओ प्रतीक प्रधान, तहसीलदार कमलेश सिदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे शिविर के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने शासन की जनहितकारी पहल की सराहना की।

विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिविर में “एक पेड़ मां के नाम”
अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन एवं जनप्रतिनिधियों ने स्कूल परिसर में फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की गई।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए गए। कृषि विभाग ने 4 किसानों को बीज एवं कीटनाशक दवाएं प्रदान कीं। राजस्व विभाग ने किसान किताब के लिए प्राप्त 5 आवेदनों का तत्काल निराकरण कर किसानों को किसान किताब वितरित की। शिक्षा विभाग द्वारा 5 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं गणवेश दिए गए, जबकि खाद्य विभाग ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 3 महिला हितग्राहियों को गैस कनेक्शन प्रदान किए।
दिव्यांग सम्मेलाल केवट को मिली ट्राइसाइकिल, चेहरे पर लौटी मुस्कान
शिविर का सबसे भावुक क्षण तब देखने को मिला जब ग्राम कैथा निवासी दिव्यांग सम्मेलाल केवट को समाज कल्याण विभाग द्वारा ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। ट्राइसाइकिल के लिए दिए गए उनके आवेदन का त्वरित निराकरण करते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्वयं अपने हाथों से उन्हें ट्राइसाइकिल सौंपकर शुभकामनाएं दीं। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से सम्मेलाल एवं उनके परिजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सुशासन तिहार का यह अंतिम समाधान शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

- डॉ. दीपक जायसवाल की पहल से जिला चिकित्सालय बना हरियाली का संदेशवाहक… - June 5, 2026
- विश्व पर्यावरण दिवस पर आरसेटी में जागरूकता की अलख, प्रशिक्षणार्थियों ने लिया संरक्षण का संकल्प… - June 5, 2026
- सारंगढ़:महिला एवं बाल विकास विभाग में नई जिम्मेदारियां, दो डिप्टी कलेक्टरों को मिला परियोजनाओं का प्रभार… - June 5, 2026

