सारंगढ़-बिलाईगढ़ ।
क्षेत्र के अन्नदाताओं ने अपनी समस्याओं को लेकर अब सीधे प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। सेवा सहकारी समिति मर्यादित कपसतुँगा (पंजीकरण क्रमांक 1556) के अंतर्गत आने वाले 21 गांवों के किसानों ने एकजुट होकर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कलेक्टर महोदय को एक ज्ञापन सौंपा है। किसानों की पुरजोर मांग है कि कपसतुँगा क्षेत्र में बढ़ती भीड़ और असुविधा को देखते हुए तत्काल एक नवीन धान उपार्जन केंद्र खोला जाए।
किसानों द्वारा सौंपे गए आवेदन पत्र में साफ तौर पर इस बात का उल्लेख है कि समिति के अंतर्गत कुल 21 गांव आते हैं, जहां 1225 किसान पंजीकृत हैं। इन किसानों का कुल रकबा 1633.083 हेक्टेयर है। वर्ष 2025-26 के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस अकेले केंद्र पर समर्थन मूल्य पर 80289.60 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। इतने बड़े पैमाने पर धान की आवक होने के बावजूद यहां सिर्फ एक ही उपार्जन केंद्र संचालित है।
ज्ञापन में किसानों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा है कि मात्र एक केंद्र होने की वजह से किसानों को धान बेचने के लिए लंबी कतारों और भारी मानसिक व शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही केंद्र पर जगह की भारी कमी है, जिसके कारण सुचारू रूप से धान की खरीदी नहीं हो पाती और काम में लगातार रुकावट आती है। किसानों का कहना है कि उनकी परेशानियों को ध्यान में रखते हुए समिति कपसतुँगा क्षेत्र में एक नवीन उपार्जन केंद्र खोलना अब बेहद आवश्यक हो चुका है।
अपनी इस जायज मांग को लेकर क्षेत्र के किसानों में भारी एकजुटता देखने को मिली है। आवेदन पत्र में आवेदक कृषकगणों के रूप में सरपंच ग्राम पंचायत पार्वती सम्पत पटेल, निरंजन पटेल, सरपंच रत्ना पटेल, रोहित, जयराम पटेल, खुशीराम निषाद, भारत पटेल, रामशरण, दुर्योधन, महेशराम पटेल, सुरेश सिंह, भुवनाराम पटेल, भोगनाथ, सियाराम चौहान समेत दर्जनों जागरूक किसानों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से अविलंब राहत देने की अपील की है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन अन्नदाताओं की इस जायज और बेहद जरूरी मांग पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है और नए केंद्र की सौगात देता है।


- छत्तीसगढ़:ज्वेलरी शॉप के संचालक से उठाईगिरी, 1 करोड़ के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हुआ आरोपी, वारदात CCTV में कैद… - July 27, 2026
- रायगढ़:हथियार लहराकर गांव में दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई से किया काबू… - July 27, 2026
- अंधेरे से उजाले तक: जेएसएम अस्पताल ने नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन से बुजुर्ग की लौटाई रोशनी… - July 27, 2026




