सारंगढ़-बिलाईगढ़, 3 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा “ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026” के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में दिए गए निर्देशों के तहत यह महत्वपूर्ण आयोजन किया जा रहा है। ग्राम सभाओं में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा कर महत्वपूर्ण संकल्प पारित किए जाएंगे।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर होगा विशेष फोकस

विशेष ग्राम सभा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाएगी तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय की अनुवादित प्रति का वाचन कर ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। ग्राम सभा के दौरान लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग कर उसे “ग्राम सभा निर्णय” मोबाइल एप में अपलोड किया जाएगा।
‘स्वच्छ गाँव, सुरक्षित जलवायु’ अभियान के तहत होगा आयोजन
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन “स्वच्छ गाँव, सुरक्षित जलवायु” अभियान के मुख्य घटक के रूप में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संपूर्ण स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जनभागीदारी को मजबूत बनाना है। अभियान के माध्यम से समुदाय आधारित स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा।
कचरा पृथक्कीकरण और प्लास्टिक मुक्त गांव पर जोर
ग्राम सभा में परिवार स्तर पर कचरे को चार श्रेणियों—गीला, सूखा, सेनेटरी और हानिकारक—में अलग-अलग करने की अनिवार्यता पर चर्चा होगी। साथ ही जैविक कचरे से खाद निर्माण को प्रोत्साहित किया जाएगा तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग को समाप्त करने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया जाएगा।
जल संरक्षण के लिए बनेगी सामुदायिक रणनीति
तालाबों, टैंकों और अन्य जल निकायों को कचरा डंपिंग से बचाने, सामुदायिक निगरानी व्यवस्था विकसित करने तथा जनसहभागिता से जल निकायों की सफाई और गाद निकासी पर चर्चा होगी। ग्राम स्तर पर जल संसाधनों का मानचित्रण भी किया जाएगा ताकि भविष्य की जल संरक्षण योजनाओं को मजबूती मिल सके।
सभी वर्गों की भागीदारी होगी सुनिश्चित
विशेष ग्राम सभा में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों, स्वच्छाग्रहियों, स्वच्छता कर्मियों, महिलाओं, युवाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति परिवारों, स्कूलों के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जागरूकता गतिविधियों से गांवों में बनेगा स्वच्छता का माहौल
ग्राम सभाओं के साथ-साथ सामूहिक पर्यावरण शपथ ग्रहण, स्वच्छता रैली, नुक्कड़ नाटक, वृक्षारोपण अभियान, सामुदायिक श्रमदान, सार्वजनिक स्थलों एवं जल स्रोतों की सफाई, लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार तथा दीवार लेखन और पेंटिंग जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
स्वच्छ और हरित ग्राम निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
5 जून को आयोजित होने वाली यह विशेष ग्राम सभा केवल एक बैठक नहीं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के माध्यम से गांवों को स्वच्छ, सुंदर और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का एक बड़ा अभियान साबित होगी। ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से “स्वच्छ और हरित ग्राम” की परिकल्पना को साकार करने का प्रयास किया जाएगा।
- 5 जून को हर ग्राम पंचायत में गूंजेगा स्वच्छता और पर्यावरण का संदेश: विशेष ग्राम सभा में होंगे अहम संकल्प… - June 3, 2026
- खनिज माफियाओं पर प्रशासन का कड़ा प्रहार: नियम उल्लंघन पर क्रेशर सील, जारी हुआ कारण बताओ नोटिस… - June 3, 2026
- सारंगढ़:शिक्षकों की 10 सूत्रीय मांगों पर गरजी शिक्षक कांग्रेस, बीईओ से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन… - June 3, 2026

