सारंगढ़। छत्तीसगढ़ क्रांतिकारी शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं से अवगत कराया। संघ द्वारा सेवा पुस्तिका संधारण, सीएसी अर्जित अवकाश, लंबित वेतन एरियर्स सहित अन्य प्रशासनिक एवं वित्तीय मामलों के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया ने संघ के पदाधिकारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सभी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा, जिससे शिक्षकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी को पौधा युक्त गमला भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ क्रांतिकारी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष लैलून कुमार भारद्वाज, छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के जिला संयोजक फकीरा यादव, जिलाध्यक्ष विमल कुमार अजगल्ले, जिला सचिव महंगू दास भारद्वाज, सारंगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र मनहर, बरमकेला ब्लॉक अध्यक्ष इंद्रजीत वर्मा, बिलाईगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष सुंदर जाटवर, हुतेन्द्र साहू, रामशरण भारद्वाज, उमाशंकर अनंत, प्यारे लाल नेवारे, कलाराम जोल्हे, श्रीमती उर्मिला अजगल्ले, निरंजन अजय, सोहनलाल सिदार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
संघ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जिला शिक्षा अधिकारी के सकारात्मक आश्वासन से शिक्षकों की लंबित समस्याओं का जल्द समाधान होगा और शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।


