भटगांव। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ तथा यूनिसेफ (UNICEF) के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘तारूण्य वार्ता: पीरियड्स पर खुलकर बात’ अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में राज्य मुख्य आयुक्त के विशेष निर्देशानुसार, भटगांव और बिलाईगढ़ क्षेत्र में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को लेकर एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य समाज में माहवारी को लेकर व्याप्त झिझक और रूढ़िवादिता को दूर करना है।

वैज्ञानिक जानकारियों से दूर की भ्रांतियां-

यह पूरा अभियान सहायक जिला संगठन आयुक्त (गाइड) पार्वती वैष्णव के कुशल नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान स्काउट्स और गाइड्स की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों और चिन्हित स्थानों का दौरा किया। टीम ने स्थानीय किशोर और किशोरियों को एक मंच पर लाकर मासिक धर्म (माहवारी) से जुड़ी महत्वपूर्ण वैज्ञानिक जानकारियां साझा कीं। इस दौरान पारम्परिक भ्रांतियों को दूर करते हुए यह समझाया गया कि यह एक पूरी तरह से सामान्य और प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है, जिसे लेकर किसी भी प्रकार की हीन भावना या लोकलाज मन में नहीं रखनी चाहिए।
स्वच्छता और सम्मान की दिलाई गई शपथ-
कार्यक्रम के दौरान सहायक जिला संगठन आयुक्त पार्वती वैष्णव ने उपस्थित किशोर-किशोरियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखना स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से बेहद जरूरी है। जरा सी लापरवाही गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। इसके साथ ही उन्होंने समाज में महिलाओं को इस दौरान उचित सम्मान और सहयोग देने की बात कही। कार्यक्रम के समापन पर स्काउट्स-गाइड्स की टीम ने उपस्थित सभी युवाओं और नागरिकों को ‘माहवारी स्वच्छता और नारी सम्मान’ की सामूहिक शपथ दिलाई।
इस विशेष जन जागरूकता अभियान को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पालकों का भी भरपूर समर्थन मिल रहा है। लोगों का कहना है कि ग्रामीण अंचलों में आज भी इस विषय पर बात करने में संकोच किया जाता है, ऐसे में भारत स्काउट्स-गाइड्स और यूनिसेफ की यह पहल सराहनीय है। इस अभियान में स्थानीय स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स सक्रिय रूप से शामिल होकर घर-घर तक जागरूकता का संदेश पहुँचा रहे हैं।


- रायपुर में 5 जून को अस्थिबाधित दिव्यांगजनों के लिए विशेष रोजगार मेला, 30 हजार तक वेतन… - May 27, 2026
- जनता की चौपाल बनेगा केड़ार: सुशासन तिहार शिविर में सीधे प्रशासन से रूबरू होंगे ग्रामीण… - May 27, 2026
- सुशासन तिहार शिविर में योजनाओं की बरसी सौगात, किसानों-महिलाओं समेत दर्जनों हितग्राही हुए लाभान्वित… - May 27, 2026

