सारंगढ़, 25 मई 2026।
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) शिविर में सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल की कार्यशैली, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और मातृ-शिशु सुरक्षा के प्रति समर्पण की सराहना हर ओर देखने को मिली। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शिविर का निरीक्षण करते हुए अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा स्वास्थ्य विभाग की पीठ थपथपाई।
शिविर में गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयां और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। डॉ. दीपक जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल 56 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें 16 महिलाओं को उच्च जोखिम गर्भावस्था (HRP) के रूप में चिन्हित कर विशेष निगरानी में रखा गया है। उनकी सक्रिय मॉनिटरिंग और समयबद्ध चिकित्सा व्यवस्था को स्वास्थ्य सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिला चिकित्सालय में माताओं एवं नवजात शिशुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षित मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस दिशा में जिला चिकित्सालय का कार्य सराहनीय है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अटल आरोग्य लैब का भी जायजा लिया और आवश्यक जांच सुविधाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए। वहीं पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) की व्यवस्थाओं पर भी उन्होंने संतोष जताया। डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयासों की चर्चा पूरे परिसर में होती रही।
दौरे के अंत में कलेक्टर ने एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए आई किशोरी बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव, सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल सहित जिला चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



- पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! 8वें वेतन आयोग में होंगे ये 6 बड़े बदलाव… - September 14, 2026
- छत्तीसगढ़:6 घंटे तक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा रहा युवक, शराब के नशे में था, पुलिस और परिवार के कहने पर नीचे उतरा… - September 14, 2026
- बिलाईगढ़ में फिर गोवंश की हत्या! पेट्रोल पंप के पीछे मिला अवशेष, मांस बिक्री के मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR… - September 14, 2026
