सारंगढ़। अधिमास अर्थात पावन पुरुषोत्तम मास के शुभ अवसर पर अभामा महिला सम्मेलन द्वारा गोपाल जी मंदिर छोटे मठ में भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन ने पूरे मंदिर परिसर को राममय बना दिया। कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष उमा छपारिया के निर्देश एवं शाखा अध्यक्ष मधु केजरीवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालु भक्तजनों की उपस्थिति रही। सुंदरकांड पाठ के दौरान भजन, चौपाइयों और श्रीराम-हनुमान के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया। महिलाओं ने श्रद्धा भाव से भगवान श्रीराम एवं संकटमोचन हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना की।
इस अवसर पर श्रीमती शीला अग्रवाल, श्रीमती विनीता गोयल, संतोषी अग्रवाल, श्रीमती बबिता केडिया, श्रीमती शशिकला अग्रवाल, श्रीमती शिखा अग्रवाल, दीक्षा केडिया, श्रीमती ऋचा अग्रवाल सहित अनेक महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण माधोपाली से आए कलाकारों की संगीतबद्ध सुंदरकांड प्रस्तुति रही। मधुर भजनों और भावपूर्ण चौपाइयों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तिमय माहौल में श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में सराबोर रहे।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश देने वाला यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।





