बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में RPF टास्क टीम और GRP ने ट्रेनों में सफर करने वाली महिलाओं को अपना निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है।
टीम ने झारखंड के जामताड़ा जिले के एक ऐसे गिरोह को दबोचा है, जो साड़ी बेचने के बहाने ट्रेनों में चढ़ता था और भीड़ का फायदा उठाकर गहने पार कर देता था। इस मामले में 4 महिलाओं सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से लाखों रुपये के सोने के जेवरात और नकदी बरामद की गई है।
क्या है पूरा मामला ?
मामला तब सुर्खियों में आया जब सीपत की रहने वाली यात्री सोनाली पटेल टिटलागढ़ पैसेंजर में सफर कर रही थीं। सफर के दौरान जयरामनगर स्टेशन के पास शातिर चोरों ने उनके बैग को निशाना बनाया और बैग के भीतर रखा ज्वेलरी बॉक्स पार कर दिया। इस बॉक्स में करीब 1 लाख 74 हजार रुपये की कीमत के सोने के जेवरात थे। पीड़िता की शिकायत के बाद GRP और RPF तुरंत एक्शन मोड में आ गई।
कैसे पकड़ाया गिरोह ?
वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कई रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में कुछ संदिग्धों की पहचान होने के बाद घेराबंदी शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर RPF और GRP की टीम ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे गिरोह को दबोच लिया। महिला आरक्षकों की मदद से आरोपी महिलाओं की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के सारे जेवरात बरामद हो गए।
क्या-क्या हुआ बरामद ?
सोने का रानीहार
मंगलसूत्र
सोने की चेन
सोने की बाली और अंगूठी
21,500 नगद कैश
आरोपियों ने क्या खुलासे किए ?
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। गिरोह के सदस्य हाथ में साड़ियां लेकर ट्रेन के भीड़भाड़ वाले कोच में घुसते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो और जैसे ही कोई महिला यात्री भीड़ में उलझती, गिरोह की महिला सदस्य कटर या हाथ की सफाई से उनके बैग की चेन खोलकर गहने और कीमती सामान उड़ा देती थीं।
कौन और कहां के हैं आरोपी ?
GRP ने जिन आरोपियों को जेल भेजा है उनमें तुषार पासवान, विरासत पासवान, मोनिका बेद, मनी देवी, मामूनी केवरा और सुजाता केवरा शामिल है। पकड़े गए सभी आरोपी झारखंड के कुख्यात जामताड़ा जिले के हिलरोड इलाके के रहने वाले हैं।
- पवनी में भीषण सड़क हादसा: पल्सर सवार युवक की मौत, हादसा खुद गिरने से या टक्कर से? जांच में जुटी पुलिस… - October 29, 2026
- चक्रवात ‘अर्नब’ का असर: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में कल सभी स्कूल बंद.. - October 29, 2026
- 14 श्रद्धालु करेंगे अमृतसर-वैष्णो देवी के दर्शन, 2 नवंबर तक आवेदन… - October 29, 2026
