सारंगढ़। बिलाईगढ़ विकास खंड के ग्राम टुंडरी निवासी डॉ. नागेंद्र वर्मा ने कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए “धान की कतार बोनी में खरपतवार प्रबंधन” विषय पर शोध कार्य किया, जिसे किसानों के लिए बेहद उपयोगी और समयानुकूल माना जा रहा है।
डॉ. वर्मा का शोध कार्य धान उत्पादन में सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल खरपतवार नियंत्रण पर केंद्रित रहा। बदलती जलवायु परिस्थितियों के बीच धान की कतार बोनी पद्धति में खरपतवार प्रबंधन के प्रभावी उपायों का उन्होंने गहन अध्ययन किया। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह शोध किसानों की उत्पादन लागत कम करने तथा बेहतर पैदावार सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगा। डॉ. वर्मा ने अपने शोध कार्य को तीन वर्षों की मेहनत और समर्पण से पूरा किया।
रायपुर स्थित विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं कृषि मंत्री राम विचार नेताम के हाथों उन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
वर्तमान में डॉ. नागेंद्र वर्मा बिलाईगढ़ विकास खंड में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। वे किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत कृषि तकनीक एवं फसल प्रबंधन संबंधी मार्गदर्शन देकर लगातार जागरूक कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है और कृषि जगत से जुड़े लोगों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
डॉ. वर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य शोध कार्य का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाना और धान उत्पादन को अधिक लाभकारी बनाना है। उनकी इस सफलता पर क्षेत्रवासियों, कृषि विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
