छत्तीसगढ़ के चार प्रमुख शुगर मिलों में गन्ना बेचने के दो से तीन महीने बाद भी किसानों को बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया है। भारतीय किसान संघ (बीकेएस) के अनुसार 22 मार्च 2026 तक के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश की चारों मिलों में कुल 5 लाख 32 हजार 512.06 मीट्रिक टन गन्ने की खरीदी हुई, जिसके एवज में किसानों को 175.22 करोड़ रुपए में से केवल 91.83 करोड़ रुपए का ही भुगतान हो सका है।

83.39 करोड़ रुपए अभी भी बकाया हैं।

छत्तीसगढ़ प्रदेश भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री नवीन शेष ने दैनिक भास्कर को बताया कि, बालोद जिले की करकाभाट शुगर मिल में किसानों ने 36 हजार 718 मीट्रिक टन गन्ना बेचा, जिसके बदले 12.08 करोड़ रुपए देय थे। इनमें से 4.11 करोड़ रुपए का भुगतान हुआ है और 7.97 करोड़ रुपए अब भी बाकी हैं। भोरमदेव शुगर मिल में 2 लाख 55 हजार 818.87 मीट्रिक टन गन्ने के एवज में 84.18 करोड़ रुपए में से 57.49 करोड़ का भुगतान हुआ, जबकि 26.69 करोड़ रुपए बकाया हैं।
खबर में आगे कहा गया है की, पंडरिया शुगर मिल की स्थिति अधिक चिंताजनक है, जहां 1 लाख 21 हजार 721.64 मीट्रिक टन गन्ने के बदले 40.05 करोड़ रुपए में से केवल 13.73 करोड़ का ही भुगतान हो पाया है और 26.32 करोड़ रुपए की राशि अटकी हुई है। केरता शुगर मिल में 1 लाख 18 हजार 253.53 मीट्रिक टन गन्ने के एवज में 38.91 करोड़ में से 16.50 करोड़ का भुगतान हुआ है और 22.41 करोड़ रुपए बकाया हैं।
बीकेएस के पदाधिकारियों का कहना है कि, समय पर भुगतान न होने से किसान गंभीर आर्थिक संकट में हैं और वे दर-दर भटकने को मजबूर हैं। इससे पहले भारतीय किसान संघ ने नागरिक आपूर्ति निगम (नान) को गोदामों से शक्कर उठाने से रोककर विरोध प्रदर्शन भी किया था। करकाभाट शुगर मिल के प्रबंध निदेशक राजेंद्र प्रसाद राठिया और महाप्रबंधक लिलेश्वर कुमार देवांगन भुगतान की स्थिति पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहे हैं, जबकि मिल के कर्मचारी दावा कर रहे हैं कि किसानों को राशि चुका दी गई है।
भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि, यदि एक सप्ताह के भीतर सभी बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो चारों शुगर मिलों के गोदामों में ताला लगाकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। संघ ने केंद्र सरकार के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि गन्ना आपूर्ति के 15 दिनों के भीतर किसानों को भुगतान करना अनिवार्य है, और इस नियम का पालन सभी मिल प्रबंधनों को सुनिश्चित करना होगा।
- छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, मौसेरे भाई-बहन की शादी अमान्य लेकिन पत्नी को देना पड़ेगा गुजारा भत्ता… - May 4, 2026
- छत्तीसगढ़ की चार शुगर मिलों पर किसानों का 83 करोड़ से अधिक बकाया, भारतीय किसान संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी… - May 4, 2026
- लव स्टोरी, साथ में किया प्यार फिर प्रेमी जोड़े ने शिशुपाल पर्वत से एक साथ कूद कर की आत्महत्या… - May 4, 2026
