सारंगढ़-बिलाईगढ़ | जिला मुख्यालय
भारतीय जनता पार्टी जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा आगामी 16 एवं 17 मई को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रशिक्षण वर्ग की संपूर्ण रूपरेखा, तिथियां, आयोजन स्थल एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यशैली एवं आगामी कार्यक्रमों के प्रति अधिक जागरूक, सक्रिय और प्रशिक्षित बनाना है।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य सुभाष जालान ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग किसी भी संगठन की मजबूती की रीढ़ होता है। इससे कार्यकर्ताओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण वर्ग में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने सुशासन तिहार 2026 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि अब सुशासन केवल दावों तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर दिखाई देने वाली सच्चाई बन चुका है। उन्होंने बताया कि 1 मई से 10 जून तक पूरे छत्तीसगढ़ में जन चौपाल के माध्यम से सरकार स्वयं जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करेगी।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही ने संगठनात्मक बैठकों की नियमितता पर जोर देते हुए कहा कि जिला कोर कमेटी, जिला पदाधिकारी, मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ एवं टिफिन बैठकों को योजनाबद्ध तरीके से आयोजित किया जाए। साथ ही सभी बैठकों की जानकारी, उपस्थिति एवं फोटोग्राफ को सरल पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया। इनमें आवास, भोजन, पंजीयन एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री द्वारिका साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अजा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हरिनाथ खुंटें द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता वेदराम जांगड़े, महामंत्री अमित तिवारी, वरिष्ठ नेता जगन्नाथ केसरवानी, भुवन मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि अरुण गुड्डू यादव, सोशल मीडिया प्रभारी चूड़ामणि पटेल सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी प्रशिक्षण वर्ग को ऐतिहासिक बनाने का भरोसा जताया।


- मेहनतकशों को मिला सम्मान: मजदूर दिवस पर श्रमिकों के चेहरे खिले, अभामा महिला सम्मेलन की अनोखी पहल… - May 2, 2026
- फ्लाइएश ओवरलोडिंग पर बड़ा एक्शन: 4 वाहनों से 1.26 लाख वसूली, 20 अन्य पर भी चली कार्रवाई… - May 2, 2026
- 16-17 मई को होगा भाजपा का मेगा प्रशिक्षण वर्ग, तैयारी बैठक में दिखा जबरदस्त उत्साह… - May 2, 2026
