अगर आप भी उन लोगो में से हैं जो बिना हरी मिर्च या लाल मिर्च के चटकारे लिए खाना खान हीं पाते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है! अक्सर ज्यादा मिर्च-मसाले को सेहत के लिए खतरनाक बताया जाता है, लेकिन वैज्ञानिकों ने अब इसके पीछे का एक ऐसा हेल्थ सीक्रेट खोजा है जिसे जानकर आप खुश हो जाएंगे.

हाल ही में हुए एक रिसर्च में खुलासा हुआ है कि तीखा खाने का शौक न सिर्फ आपकी जुबान को अलग स्वाद देता है, बल्कि आपको लंबी उम्र भी दे सकता है. दुनिया भर में हुई कई रिसर्च इस तरफ इशारा करती हैं कि हर दिन लाल मिर्च का सेवन करने वालों में मृत्यु दर का खतरा कम होता है.

13% तक बढ़ सकती है उम्र
अमेरिका में स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ वर्मोंट के लार्नर कॉलेज ऑफ मेडिसिन ने साल 2017 में एक रिसर्च किया, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. PLOS ONE पत्रिका में छपे इस रिसर्च में करीब 16,000 अमेरिकियों के डेटा पर रिसर्च किया गया. जिस पर रिसर्चर्स ने पायाकि जो लोग तीखी लाल मिर्च का सेवन करते थे, उनमें मृत्यु का खतरा उन लोगों की तुलना में 13 प्रतिशत कम था जो तीखा नहीं खाते थे. यह रिसर्च लगभग 18 साल तक चले डेटा कलेक्शन पर आधारित था.
दिल की बीमारियों और कैंसर का खतरा कम
सिर्फ साल 2017 में ही नहीं, बल्कि 2020 में अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के सत्र में पेश किए गए एक विश्लेषण में भी इसी तरह के नतीजे सामने आए थे. अमेरिका, इटली, चीन और ईरान के लगभग 5.7 लाख लोगों पर किए गए चार बड़े रिसर्च पर यह पाया गया कि नियमित रूप से मिर्च खाने वालों में-
हार्ट की बीमारी से मौत का खतरा 26% कम था.
कैंसर से मौत का खतरा 23% कम था.
कुल मृत्यु दर में 25% की कमी देखी गई.
क्लीवलैंड क्लिनिक के कार्डिओलॉजिस्ट डॉ. बो जू के मुताबिक, मिर्च का सेवन शरीर में सूजन को कम करने और एंटीऑक्सीडेंट के रूप में काम करने में मददगार हो सकता है.
चीन की स्टडी क्या कहती है
चीन में साल 2024 में प्रकाशित एक दूसरी रिपोर्ट में 4.8 लाख से ज्यादा चीनी लोगों का 12 सालों तक रिसर्च किया गया. जिसमें पाया गया कि जो लोग सप्ताह में कम से कम एक बार तीखा खाना खाते हैं, उनमें हार्ट की बीमारी का खतरा काफी कम होता है. वहीं इस स्टडी में स्ट्रोक और तीखे खाने के बीच कोई सीधा संबंध नहीं मिला.
सावधानी भी है जरूरी
इसके साथ ही जानकारों का कहना है कि ये रिसर्च जरूर खुश करने वाली है लेकिन, लेकिन इन्हें कारण और प्रभाव का पक्का सबूत नहीं माना जा सकता है. संभावना यह भी है कि जो लोग मिर्च खाते हैं, उनकी लाइफस्टाइल दूसरे लोगों की तुलना में और ज्यादा बेहतर हो. इसलिए लंबी उम्र के लिए सिर्फ मिर्च पर निर्भर रहने के बजाय लाइफस्टाइल पर ध्यान देना जरूरी है.
- भीम ने की शिवलिंग की स्थापना तो अर्जुन ने बाण चलाकर बनाया झरना, यहां है प्रकृति और इतिहास का संगम… - April 26, 2026
- थायराइड और फैमिली हिस्ट्री: जेनेटिक रिस्क, शुरुआती लक्षण और बचाव के तरीके जानें डॉक्टर से - April 26, 2026
- 2 कप मूंग दाल में पनीर और पुदीना डालकर बनाएं स्वादिष्ट Moong Dal Paneer Pudina Chilla, नाश्ते के लिए है परफेक्ट रेसिपी… - April 26, 2026
