सारंगढ़। जिला कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय रेड क्रॉस सोसायटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर अहम निर्णय लिए गए। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज कल्याण से संबंधित योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाना तथा आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय करना रहा।
बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे एवं रेड क्रॉस समिति के अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान अधिकारियों और सदस्यों ने वर्तमान में संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उनके बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया।
बैठक में जिपं अध्यक्ष एवं रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एफ.आर. निराला, डॉ. जे.एन. शुक्ला, डॉ. सिदार जायसवाल सहित अन्य अधिकारियों ने अपने विचार साझा किए। सभी वक्ताओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए समन्वय और सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।
इसके अलावा कार्यक्रम में समाजसेवी महेंद्र अग्रवाल, अब्बास अली सैफी, नंदकिशोर गोयल, पत्रकार दीपक थवाईत सहित रेड क्रॉस सोसायटी के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर जनहित के कार्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि भविष्य में स्वास्थ्य, आपदा सहायता और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को और व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई जा सके।


