हैदराबाद के खिलाफ फिर तैयार राजस्थान के रजवाड़े, सूर्यवंशी का चलेगा प्रकोप या ईशान के लड़ाके दिखाएंगे दम…
बेहतरीन फॉर्म में चल रही राजस्थान रॉयल्स की टीम इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां जब सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी तो उसकी नजरें शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत करने पर टिकी होंगी।
रॉयल्स ने मौजूदा सत्र में लगभग हर विभाग में अपना दबदबा दिखाया है। चार मैच में चार जीत टीम के दबदबे को दिखाती है। टीम के पास खतरनाक शीर्षक्रम और बेहद संतुलित गेंदबाजी आक्रमण है। टीम की सफलता में यशस्वी जायसवाल और किशोर स्टार वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार सलामी जोड़ी की अहम भूमिका रही है जिन्होंने पावरप्ले में लगातार विरोधी टीम के आक्रमण को ध्वस्त किया है।
जायसवाल और सूर्यवंशी कर रहे हैं कमाल
जायसवाल और सूर्यवंशी की निडर बल्लेबाजी ने उन्हें मौजूदा सत्र की सबसे खतरनाक जोड़ियों में से एक बना दिया है। तीसरे नंबर पर ध्रुव जुरेल ने स्थिरता दी है और यह सुनिश्चित किया है कि टीम लय नहीं खोए। कप्तान रियान पराग की अगुआई वाले मध्य क्रम की अब तक अधिक परीक्षा नहीं हुई है। हालांकि मध्य क्रम के बल्लेबाज अब तक मिले सीमित मौकों का पूरा फायदा नहीं उठा पाए हैं और शायद यह टीम के दमदार अभियान में एकमात्र चिंता की बात है। रॉयल्स की गेंदबाजी में हालांकि मौजूदा सत्र में काफी सुधार दिख रहा है। पिछले सत्र में गेंदबाजों की नाकामी के कारण नौवें स्थान पर रहने के बाद वे कहीं अधिक अनुशासित और खतरनाक आक्रमण के रूप में लौटे हैं। जोफ्रा आर्चर ने तेजी और सटीकता के साथ गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई की है जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने कोण और उछाल का इस्तेमाल करके विरोधी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। संदीप शर्मा और तुषार देशपांडे ने उनका अच्छा साथ दिया है। बीच के ओवरों में रवि बिश्नोई सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। वह नौ विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाजों की सूची में सबसे ऊपर हैं जबकि रविंद्र जडेजा के टीम से जुड़ने से स्पिन विभाग को और मजबूती मिली है।
उतार-चढ़ाव वाला रहा सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन
इसके उलट सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है। टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रही है। अपने चार में से तीन मैच हारने के बाद पूर्व चैंपियन टीम छठे स्थान पर हैं। टीम अपनी पुरानी रणनीति पर चल रही है। वे तेज शुरुआत के लिए ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की तूफानी जोड़ी पर निर्भर हैं लेकिन दोनों ही लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। कार्यवाहक कप्तान इशान किशन भी अपनी शुरुआती पारी के बाद खराब फॉर्म में हैं। रन बनाने की जिम्मेदारी अधिकतर समय हेनरिक क्लासेन ने निभाई है जिन्होंने चार पारियों में 184 रन बनाए हैं और सनराइजर्स को कछ मौकों पर वापसी दिलाने में सफल रहे हैं। गेंदबाजी हालांकि टीम का कमजोर पक्ष है और नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी ने टीम की परेशानियों को बढ़ा दिया है। गेंदबाजी आक्रमण विरोधी बल्लेबाजों को रोकने में जूझ रहा है विशेषकर बल्लेबाजी के अनुकूल हालात में जिससे बल्लेबाजों पर और दबाव पड़ रहा है। सनराइजर्स को अगर रॉयल्स की लय बिगाड़नी है तो शुरुआती विकेट और चटकाने होंगे तथा गेंदबाजी में एकजुट प्रदर्शन करना होगा।
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की आईपीएल 2026 में टीमें
सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल 2026 की टीम:
ईशान किशन (कप्तान), ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, आर. स्मरण, हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कामिंदु मेंडिस, हर्षल पटेल, ब्रायडन कार्स, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, जीशान अंसारी, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, सलिल अरोड़ा, शिवांग कुमार, ओंकार टारमाले, क्रेन्स फुलेट्रा, प्रफुल्ल हिंगे, अमित कुमार, साकिब हुसैन, जैक एडवर्ड्स और पैट कमिंस।
राजस्थान रॉयल्स की आईपीएल 2026 की टीम:
रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा, सैम कुरेन, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।
- आज वरुथिनी एकादशी पर इस विधि से करें भगवान विष्णु की पूजा, जानें मंत्र, आरती और भोग… - April 13, 2026
- नाश्ते में बनाएं दाल का यह स्वादिष्ट सैंडविच, स्वाद में लाजवाब और प्रोटीन से भरपूर है यह ब्रेकफास्ट… - April 13, 2026
- महंगे शैम्पू के बाद भी टूट रहे हैं बाल? सिर्फ ‘स्ट्रेस’ नहीं, ये 5 कारण हैं हेयर फॉल के असली विलेन… - April 13, 2026
