सारंगढ़। जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत बर्मन ने 9 अप्रैल 2026 को ग्राम पंचायत बछौरडीह एवं धाराशिव में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण कर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत बछौरडीह में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत निर्मित नाली एवं सीसी रोड में गंभीर खामियां पाई गईं। नाली निर्माण में घटिया गुणवत्ता, सीसी रोड का गलत एलाइनमेंट तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने सार्वजनिक शौचालय में नल फिटिंग की खराब स्थिति और पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने पर सीईओ ने मौके पर ही नाराजगी जताई और निर्माण एजेंसी को जमकर फटकार लगाई। साथ ही सभी कमियों को तत्काल सुधारने के सख्त निर्देश दिए।
इसके बाद सीईओ बर्मन ने ग्राम पंचायत धाराशिव में निर्माणाधीन चेक डेम का निरीक्षण किया, जहां कार्य का एलाइनमेंट सही नहीं पाया गया और चेक डेम में आवश्यक स्लोप भी नहीं बनाया गया था। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसी को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सीईओ ने तकनीकी सहायक एवं निर्माण एजेंसी के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बिलाईगढ़ को दिए।
सीईओ इंद्रजीत बर्मन ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्तायुक्त सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा) तथा जनपद पंचायत बिलाईगढ़ के कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

- पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! 8वें वेतन आयोग में होंगे ये 6 बड़े बदलाव… - September 14, 2026
- छत्तीसगढ़:6 घंटे तक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा रहा युवक, शराब के नशे में था, पुलिस और परिवार के कहने पर नीचे उतरा… - September 14, 2026
- बिलाईगढ़ में फिर गोवंश की हत्या! पेट्रोल पंप के पीछे मिला अवशेष, मांस बिक्री के मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR… - September 14, 2026
