सारंगढ़। दशमी के पावन अवसर पर नगर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी ने पूरे शहर को राममय बना दिया। पुराना थाना स्थित शिव-हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई यह विशाल शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम बन गई।

सर्वदलीय एकता की मिसाल बनी शोभायात्रा
इस महाशोभायात्रा की सबसे खास बात रही कि इसमें भाजपा, कांग्रेस, बसपा, बजरंग दल, भीम आर्मी और आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग एक साथ शामिल हुए। यह दृश्य सामाजिक समरसता और एकता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा से सजा नगर
शोभायात्रा के दौरान पूरे नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। चौक-चौराहों पर आरती उतारी गई और सामाजिक संस्थाओं द्वारा पेयजल, ठंडा, बिस्कुट एवं प्रसाद की उत्तम व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमे श्रद्धालु
जय स्तंभ चौक, आजाद चौक और नगर पालिका मार्ग से गुजरती इस यात्रा में डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। “जय श्री राम” और “जय जय श्री राम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
आकर्षक झांकियों ने बढ़ाई शोभा
शोभायात्रा में मां महाकाली, भगवान नरसिंह और बाबा महाकाल की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनके पीछे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की भव्य झांकी ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
नंदा चौक में महाआरती, गूंजे भक्ति संदेश
नगर के हृदय स्थल नंदा चौक स्थित गोपाल जी मंदिर (छोटे मठ) में महंत बंशीधर दास मिश्रा ने भगवान राम की महाआरती की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान राम का जीवन सत्य, धर्म और मर्यादा का प्रतीक है, जिसमें हनुमान, सुग्रीव, जटायू, विभीषण, शबरी और निषादराज केंवट जैसे पात्रों का विशेष महत्व रहा है।
पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से रहा आयोजन सफल
पूरे आयोजन के दौरान शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने में पुलिस प्रशासन की अहम भूमिका रही। पुलिस कप्तान आंजनैय वैष्णव के निर्देशन में एसडीओपी स्नेहिल साहू, सिटी कोतवाली प्रभारी हक और यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा अपनी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए।
महाप्रसाद वितरण से बढ़ी श्रद्धा
महाआरती के पश्चात वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद अमित तिवारी द्वारा श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। वहीं नंदा चौक में बराई महिला समिति द्वारा भी प्रसाद वितरण किया गया, जिससे भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस भव्य आयोजन में सारंगढ़ के नागरिकों ने आस्था, उत्साह और भाईचारे का अद्भुत परिचय देते हुए इसे यादगार बना दिया।

- पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! 8वें वेतन आयोग में होंगे ये 6 बड़े बदलाव… - September 14, 2026
- छत्तीसगढ़:6 घंटे तक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा रहा युवक, शराब के नशे में था, पुलिस और परिवार के कहने पर नीचे उतरा… - September 14, 2026
- बिलाईगढ़ में फिर गोवंश की हत्या! पेट्रोल पंप के पीछे मिला अवशेष, मांस बिक्री के मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR… - September 14, 2026
