धर्मांतरण बनाम SC दर्जा: सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले पर भाजपा का जोरदार स्वागत…
सारंगढ़। माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा धर्मांतरण और अनुसूचित जाति (SC) दर्जे को लेकर दिए गए ऐतिहासिक निर्णय का भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीनानाथ खूंटे ने जोरदार स्वागत किया है। उन्होंने इस फैसले को “सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना की निर्णायक जीत” बताया।
दीनानाथ खूंटे ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने स्पष्ट और सख्त निर्णय में यह स्थापित कर दिया है कि अनुसूचित जाति का दर्जा किसी भी प्रकार के राजनीतिक या आर्थिक लाभ का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सदियों से चले आ रहे सामाजिक अत्याचार और ऐतिहासिक अन्याय की भरपाई का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि धर्म परिवर्तन के बाद SC दर्जे का दावा करना संविधान की भावना के साथ छल करने जैसा है और इससे वास्तविक पात्र वर्गों के अधिकारों पर सीधा असर पड़ता है।
उन्होंने आगे कहा कि देश के कई हिस्सों में लंबे समय से यह शिकायतें सामने आती रही हैं कि धर्मांतरण के बाद भी कुछ लोग फर्जी तरीके से SC प्रमाणपत्र बनवाकर आरक्षण का लाभ ले रहे थे। “अब सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले ने ऐसे सभी प्रयासों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है। यह निर्णय सामाजिक न्याय की व्यवस्था के दुरुपयोग करने वालों के लिए सख्त संदेश है,” उन्होंने कहा।
दीनानाथ खूंटे ने विपक्षी दलों, विशेषकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की राजनीति के चलते ऐसे मुद्दों पर भ्रम फैलाया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि अब देश की सर्वोच्च अदालत ने स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है—धर्म की स्वतंत्रता सभी को है, लेकिन संविधान के प्रावधानों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में सामाजिक संतुलन को मजबूत करेगा और वास्तविक वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।
अंत में दीनानाथ खूंटे ने सुप्रीम कोर्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला सामाजिक न्याय की रक्षा और संविधान की मर्यादा बनाए रखने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिसका भारतीय जनता पार्टी पूर्ण समर्थन करती है।
