सारंगढ़। ग्राम कौवालाल के वरिष्ठ नागरिक एवं रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष श्री जुगल कुमार तिवारी एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि एयरटेल कंपनी की लापरवाही और विद्युत विभाग की उपेक्षा के कारण यह गंभीर हादसा होते-होते रह गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 2 बजे श्री तिवारी अपने निजी कार्य से सारंगढ़ आए हुए थे। कार्य समाप्त कर वे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव कौवालाल लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कौवाताल स्थित आंगनबाड़ी भवन के सामने लगे एयरटेल टावर के पास अचानक एक खतरनाक स्थिति बन गई, जिससे वे दुर्घटना की चपेट में आ गए।
बताया जाता है कि उक्त टावर का विद्युत कनेक्शन विद्युत मंडल द्वारा सामान्य ट्यूबवेल पाइप के माध्यम से सड़क क्रॉस कराकर दिया गया है, जबकि नियमानुसार इस प्रकार सड़क पार कर खुले तौर पर विद्युत कनेक्शन देना प्रतिबंधित माना जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रभाव के चलते एयरटेल कंपनी को यह कनेक्शन तो मिल गया, लेकिन बाद में इसकी सही ढंग से देखरेख नहीं की गई।
देखरेख के अभाव में विद्युत लाइन का खंभा टूटकर नीचे गिर गया, जिसमें श्री तिवारी की मोटरसाइकिल फंस गई। वे कुछ दूरी तक विद्युत प्रवाहित तार में उलझकर लगभग 10 मीटर तक घसीटते चले गए और फिर दूर जाकर गिर पड़े। इस दर्दनाक घटना में उनके आंख के पास, सिर, हाथ और कमर में चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें घायल अवस्था में उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस संबंध में कोतवाली सारंगढ़ में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष विजय कुमार तिवारी, दीपक तिवारी, देवेन्द्र नाथ नंदे तथा देव कहार सहित कई अधिवक्ता अस्पताल पहुंचकर श्री तिवारी का हालचाल जाना और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए एयरटेल कंपनी और विद्युत विभाग के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
