सारंगढ़। जिले में नगरीय व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सरसींवा नगर पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत के विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर पंचायत की टैक्स वसूली की जानकारी ली। इस पर सीएमओ राकेश कुमार साहू ने बताया कि नगर पंचायत की पिछले एक वर्ष में लगभग 33 लाख रुपए की कुल राजस्व वसूली हुई है। कलेक्टर ने राजस्व वसूली में और तेजी लाने तथा लंबित करों की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क किया। उन्होंने मुख्य सड़कों और बाजार क्षेत्रों में नियमित सफाई कराने तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। सीएमओ ने जानकारी दी कि सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए डस्टबिन का ऑर्डर दिया जा चुका है। वहीं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के संबंध में बताया गया कि फिलहाल इसका टेंडर नहीं हुआ है, लेकिन जल्द ही इस कार्य की शुरुआत कर दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित पुराने स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए उसे ध्वस्त (डिसमेंटल) कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नगर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा मुख्य सड़क पर जमा कचरे की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि नगर में स्वच्छता और सुरक्षा दोनों बनी रहें।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सरसींवा में अब तक 31 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 7 आवासों का निर्माण कार्य जारी है। वहीं 756 लोगों के घर आबादी भूमि पर होने के कारण उनके आवास के लिए सत्यापन प्रक्रिया चल रही है। सत्यापन के बाद पात्र हितग्राहियों को भी आवास स्वीकृत किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बस स्टैंड सरसींवा में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग रखी। इस पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने शीघ्र शौचालय निर्माण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा कलेक्टर ने सरसींवा से सराईपाली रोड पर चल रही अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा न आने दी जाए तथा अवैध कब्जों को हटाकर विकास कार्यों को समय पर पूरा कराया जाए।

- प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में बड़ी सौगात: NHM कर्मचारियों को 33 दिन के वेतन का ऐलान… - June 14, 2026
- श्रीमती उषा प्रियदर्शी वैष्णव बनीं राज्य महिला आयोग की नई अध्यक्षा..नारी सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को मिलेगा बल… - June 14, 2026
- डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व मे सारंगढ़ जिला अस्पताल की बदली तस्वीर…आधुनिक सुविधाओं से अब मरीजों को मिल रहा नया जीवन..करोड़ों की सरकारी संपत्ति को खुर्द-बुर्द होने से बचाया..सारंगढ़ मे ब्रेन हैमरेज, लकवा और दिल की बीमारियों का इलाज संभव.. - June 14, 2026

