सारंगढ़। शहर के नया तालाब पार स्थित जमीन पर अतिक्रमण को लेकर एक बार फिर मामला सामने आया है। सारंगढ़ निवासी धीरज कहार, पिता स्वर्गीय राजेश कहार ने जनदर्शन में कलेक्टर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर अतिक्रमित भूमि को हटाने की मांग की है।
अपने आवेदन में धीरज कहार ने बताया कि मधुसूदन बानी, पिता स्वर्गीय नित्यानंद बानी को नगर पालिका परिषद सारंगढ़ द्वारा संकल्प क्रमांक 430, दिनांक 15 फरवरी 2016 के अनुसार उनके मकान के पीछे नया तालाब पार में 10×41 वर्गफीट का रिक्त स्थल अस्थायी लीज पर आबंटित किया गया था। बाद में नगर पालिका परिषद सारंगढ़ के संकल्प क्रमांक 4, दिनांक 19 मई 2025 के तहत उक्त अस्थायी लीज को समाप्त कर दिया गया।
लीज समाप्त होने के बाद नगर पालिका परिषद सारंगढ़ द्वारा मधुसूदन बानी द्वारा किये गए निर्माण को हटाने के लिए तहसीलदार सारंगढ़ को पत्र क्रमांक 1547/राजस्व/2025 दिनांक 9 जून 2025 के माध्यम से कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया था। इसके बावजूद आज तक उक्त स्थल से अतिक्रमण नहीं हटाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
धीरज कहार ने अपने आवेदन के साथ तहसीलदार सारंगढ़ को भेजे गए पत्र की पावती, स्वयं द्वारा दिए गए आवेदन की पावती तथा नगर पालिका परिषद सारंगढ़ के संकल्प क्रमांक 4, दिनांक 19 मई 2025 की प्रतिलिपि भी संलग्न की है।
आवेदक ने कलेक्टर से मांग की है कि नगर पालिका परिषद के पारित संकल्प के पालनार्थ तहसीलदार सारंगढ़ को निर्देशित कर मधुसूदन बानी द्वारा किए गए अतिक्रमण को शीघ्र हटाया जाए, ताकि शासकीय भूमि को मुक्त कराया जा सके और नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।

- “एक दिन में मिलेगा न्याय!” — 9 मई को लगेगी नेशनल लोक अदालत, मौके पर सुलह से निपटेंगे हजारों मामले… - April 29, 2026
- “गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन, मौके पर होगा समाधान!” — सारंगढ़ में ‘सुशासन तिहार 2026’ का बड़ा ऐलान… - April 29, 2026
- पट्टा मिला… पर नक्शे में नाम गायब! किसान पहुंचे कलेक्टर दरबार, न्याय की लगाई गुहार… - April 29, 2026
