छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्कूल में ताला लगे होने और बच्चों के बाहर बैठे रहने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक, संकुल समन्वयक सहित 6 शिक्षकों को लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

स्कूल नहीं खुला, बाहर बैठे रहे छात्र
जानकारी के अनुसार भैयाथान ब्लॉक के सांवारावां स्थित प्राथमिक और माध्यमिक शाला निर्धारित समय पर नहीं खुली। स्कूल में ताला लटका होने के कारण छात्र-छात्राएं बाहर ही बैठे नजर आए। इस दौरान बच्चों को मध्यान्ह भोजन भी नहीं मिल सका।
सोशल मीडिया में वायरल हुआ वीडियो
स्कूल के बाहर बैठे बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और पूरे मामले की जांच शुरू की गई।
प्रधान पाठक समेत 6 शिक्षकों को नोटिस
जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधान पाठक, संकुल समन्वयक सहित कुल 6 शिक्षकों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में शिक्षकों से स्कूल बंद रहने और बच्चों को बाहर बैठने की स्थिति को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
खुद उपस्थित होकर देना होगा जवाब
जारी आदेश के अनुसार सभी संबंधित शिक्षकों को स्वयं उपस्थित होकर जवाब देना होगा। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे कल शाम 4:30 बजे तक जिला शिक्षा कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
लापरवाही पर विभाग की सख्ती
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की पढ़ाई और सुविधाओं से जुड़ी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- श्रीमती उषा प्रियदर्शी वैष्णव बनीं राज्य महिला आयोग की नई अध्यक्षा..नारी सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को मिलेगा बल… - June 14, 2026
- डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व मे सारंगढ़ जिला अस्पताल की बदली तस्वीर…आधुनिक सुविधाओं से अब मरीजों को मिल रहा नया जीवन..करोड़ों की सरकारी संपत्ति को खुर्द-बुर्द होने से बचाया..सारंगढ़ मे ब्रेन हैमरेज, लकवा और दिल की बीमारियों का इलाज संभव.. - June 14, 2026
- थार से मिले करीब 10 लाख रुपये, दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई… - June 14, 2026

