सारंगढ़। होली के पावन पर्व पर जिला भाजपा कार्यालय चंदाई में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यालय परिसर में रंगों की बौछार, गुलाल और हंसी-खुशी के माहौल के बीच कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक होली खेली और पर्व की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल ने की। वहीं समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे उपस्थित रहे, जबकि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके मार्गदर्शन में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर रंगों के इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि संजय भूषण पांडे ने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक पर्व है, जो समाज में भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे त्योहार हमें एक-दूसरे के करीब लाने और मतभेदों को भुलाकर नई शुरुआत करने का अवसर देते हैं।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि होलिका दहन केवल परंपरा नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि होलिका दहन के साथ हमें अपने मन के दस प्रकार के मनोविकारों को भी समाप्त करने का संकल्प लेना चाहिए और जीवन में सद्भावना, सहानुभूति, सरलता तथा सहजता जैसे गुणों को अपनाकर समाज में सकारात्मक वातावरण बनाना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल ने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक पर्व है और यह त्योहार समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष वैजयंती नंदू लहरें, डीडीसी शिवकुमारी अनिल साहू, डॉ. दिनेश जांगड़े, अरुण गुड्डू यादव, भरत जाटवर, बरत साहू, जगन्नाथ केसरवानी, भुवन मिश्रा, अमित तिवारी, निखिल केसरवानी, ओमकार केसरवानी सहित सैकड़ों भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रंगों के इस पावन पर्व को उल्लास और उत्साह के साथ मनाया।


