छत्तीसगढ़:जंगली हाथी के हमले में धान की रखवाली कर रहे मंडी प्रभारी की मौत…
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले में धान उर्पाजन केंद्र के प्रभारी की मृत्यु हो गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के करतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुदमरा गांव में जंगली हाथी के हमले में राजेश कुमार सिंह (55) की मृत्यु हो गई।
इस घटना में उनकी पत्नी और अन्य कर्मचारियों ने भागकर अपनी जा बचाई।
अधिकारियों ने बताया कि आदिवासी सेवा सहकारी समिति कोरकोमा का धान उपार्जन केंद्र कुदमुरा गांव में भी है, जहां किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान को रखा गया है।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से धान चोरी की सूचना मिलने पर कोरकोमा के सेल्समेन राजेश कुमार सिंह, जिन्हें धान उपार्जन केंद्र कुदमुरा का मंडी प्रभारी नियुक्त किया गया था, अपनी पत्नी पिंकी देवी और दो-तीन अन्य कर्मचारियों के साथ उपार्जन केंद्र कुदमुरा में अस्थाई झोपड़ी बनाकर रात में रुक रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार-बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात लगभग 1.35 बजे जब सभी झोपड़ी में और आसपास थे तब एक जंगली हाथी उर्पाजन केंद्र पहुंच गया। हाथी की आवाज सुनकर वहां मौजूद पिंकी देवी और अन्य लोग भाग गए लेकिन हाथी ने राजेश कुमार को कुचलकर मार डाला।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग का दल घटनास्थल पहुंचा तो वहां उन्हें राजेश कुमार का शव मिला।
अधिकारियों ने बताया कि मृतक राजेश कुमार की पत्नी को तात्कालिक सहायता के तौर पर 25 हजार रुपये दिए गए हैं। वैधानिक कार्यवाही के बाद शेष 5.75 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वन विभाग ने आसपास के गांवों में ग्रामीणों को सतर्कता बरतने और अकेले खेत-खलिहान या उपार्जन केंद्रों में नहीं जाने की अपील की है।
- बचे हुए चावल से बना लें प्रोबायोटिक्स से भरपूर कांजी राइस, गर्मियों के लिए है परफेक्ट रेसिपी, नोट करें विधि… - March 6, 2026
- विष्णुप्रिया तुलसी के सूखने पर इसे कहीं भी फेंक देते हैं? नुकसान से बचना है तो जान लें नियम और विसर्जन की विधि… - March 6, 2026
- धुरंधर: द रिवेंज का ट्रेलर आज होगा रिलीज, जानें फिल्म की खास बातें… - March 6, 2026
