बनिया पारा में रंगों की धूम: 1000 लीटर टब में खेली गई होली, उत्साह में सराबोर हुआ पूरा मोहल्ला…
सारंगढ़। नगर के बनिया पारा में होली का पर्व इस वर्ष हर्षोल्लास, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ रंगों का पर्व मनाते हुए होली का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला। लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं देते नजर आए। बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक सभी ने पूरे उत्साह के साथ रंगों की मस्ती में भाग लिया।
इस अवसर पर लगभग 1000 लीटर के प्लास्टिक टब में रंग तैयार कर विशेष रूप से रंगों की होली खेली गई, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। टब में भरे रंगों के बीच बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने जमकर मस्ती की और रंगों की बौछार के साथ पूरा वातावरण उत्सवमय और आनंदमय हो गया।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी एकता, प्रेम और भाईचारे को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों के बीच मेल-जोल बढ़ता है और समाज में सकारात्मक माहौल बनता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और खुशहाली तथा सौहार्द की कामना की।
