सारंगढ़। आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के सदस्य तथा पत्रकारगण उपस्थित रहे।
बैठक में त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होली के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वालों और शराब पीकर ड्राइविंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभद्र व्यवहार से बचने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
होलिका दहन केवल निर्धारित समय पर करने के निर्देश दिए गए हैं। डामरीकरण (पक्की) सड़कों पर होलिका दहन करने पर प्रतिबंध रहेगा, ताकि सड़कों को नुकसान न पहुंचे। इस वर्ष होलिका दहन 2 तारीख की रात्रि में किया जाएगा। परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए बिना अनुमति डीजे बजाने पर रोक लगाई गई है।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है कि अस्पतालों में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध रहे, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार मिल सके। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर डायल कर सहायता लें।
कलेक्टर ने कहा कि शांति समिति की बैठक का उद्देश्य समाज और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने सड़क रोककर जबरन चंदा वसूली जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध की चेतावनी दी और महिलाओं व आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी को जबरदस्ती गुलाल न लगाने और शासकीय संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि होली और रमजान दोनों महत्वपूर्ण पर्व हैं, जिन्हें आपसी सद्भाव और शांति के साथ मनाना आवश्यक है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पेट्रोलिंग वाहनों की संख्या बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने जिलेवासियों से सहयोग की अपील करते हुए प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया।

- इतिहास रचने वाले प्रधानमंत्री: नरेंद्र मोदी ने बनाया सबसे लंबे निरंतर कार्यकाल का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड… - June 8, 2026
- सारंगढ़:खरीफ सीजन से पहले प्रशासन सख्त, खाद-बीज दुकानों पर ताबड़तोड़ निरीक्षण, 27 केंद्रों को नोटिस, 8 की अनुज्ञप्ति निलंबित… - June 8, 2026
- सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत..पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे और रोजगार की मांग… - June 8, 2026

