सारंगढ़। 1 सितंबर 2022 को अस्तित्व में आए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को बने साढ़े तीन साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी जिला पूरी तरह से स्थापित नहीं हो पाया है। यह आरोप जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज ने लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक ढांचा अब तक अधूरा है और कई महत्वपूर्ण विभागों की स्थापना नहीं हो सकी है।
श्री भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में लगभग 27 विभागों के कार्यालय जैसे-तैसे शुरू किए जा चुके हैं, लेकिन 15 विभागों का कामकाज अब भी रायगढ़ और बलौदा बाजार जिलों से संचालित हो रहा है। इससे आम नागरिकों को छोटी-छोटी शासकीय कार्यों के लिए दूसरे जिलों का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला पंजीयन, होमगार्ड, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), सेतु विभाग, पीएमजीएसवाई, एमजीएसवाई, जल संसाधन विभाग, रोजगार कार्यालय, अंत्यावसायी विभाग, पर्यावरण विभाग, हाउसिंग बोर्ड, खादी ग्रामोद्योग, आयुष विभाग और परिवहन विभाग जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय अब तक जिले में स्थापित नहीं हो सके हैं। संसाधनों के लिहाज से भी जिले की स्थिति कमजोर बनी हुई है।
जिपं सदस्य ने आरोप लगाया कि सेटअप के मामले में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला लगातार उपेक्षित होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हालिया बजट में भी इन विभागों की स्थापना के लिए राज्य सरकार ने कोई ठोस प्रावधान नहीं किया है। “फूटी कौड़ी तक आवंटित नहीं की गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि जिले के विकास को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा,” उन्होंने कहा।
श्री भारद्वाज ने मांग की कि शासन जल्द से जल्द शेष विभागों की स्थापना कर जिले को पूर्ण रूप से प्रशासनिक रूप में सशक्त बनाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और जिले का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

- सारंगढ़ स्थापना दिवस सूना क्यों?क्या कांग्रेस विधायकों का दंश झेल रही जिले की जनता – भरत अग्रवाल - September 17, 2026
- 25 करोड़ बच्चों के सपनों को पंख देने का सेवा संकल्प..शिक्षा, प्रतिभा और समान अवसरों से गढ़ेंगे भारत का उज्ज्वलभविष्य : डीईओ एल.एन. पटेल… - September 17, 2026
- महेश यादव की रानीसागर तालाब में तैरती मिली लाश, महराजपुर गांव में शोक… - September 17, 2026
