सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में रेत के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर सरिया क्षेत्र में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 12 ट्रैक्टरों को पकड़कर जब्त कर लिया। सभी जब्त वाहनों को थाना सरिया परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, राज्य स्तर पर हुई समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव द्वारा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अवैध रेत परिवहन को लेकर नाराजगी जताई गई थी और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने जिले की सभी तहसीलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स गठित कर अभियान चलाने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में मंगलवार और बुधवार को सरिया तहसीलदार कोमल साहू एवं थाना सरिया पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना वैध दस्तावेज रेत परिवहन करते पाए गए 12 ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की गई। जब्त वाहनों में क्रमांक CG13L2643, CG13UE7957 सहित एक नया सोनालिका ट्रैक्टर समेत अन्य वाहन शामिल हैं।
यह पूरी कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई है। तहसीलदार कोमल साहू ने स्पष्ट कहा कि जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।


- सारंगढ़ बिलाईगढ़ : शराब पीकर स्कूल आने वाले, नेटवर्क मार्केटिंग में लिप्त और दबंगई करने वाले 3 शिक्षक सस्पेंड…कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कड़े निर्देश पर डीईओ जे.आर. डहरिया की गाज..1 प्रधान पाठक पर विभागीय जांच की अनुशंसा..लापरवाह शिक्षकों में मचा हड़कंप.. - July 30, 2026
- हसौद में कथित अवैध शराब कारोबार पर बढ़ा आक्रोश, निष्पक्ष जांच की उठी मांग… - July 30, 2026
- सारंगढ़:किस्त जमा फिर भी मोबाइल लॉक? ग्राहकों ने लगाए गंभीर आरोप… - July 30, 2026




