सारंगढ़:स्कूल भवन निर्माण की गुणवत्ता से समझौता नहीं…कलेक्टर के सख्त निर्देश, पीएमश्री स्कूलों की समीक्षा बैठक में चेतावनी…
सारंगढ़। जिले में संचालित पीएमश्री विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्था तथा बोर्ड परीक्षा परिणामों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शिक्षाविभाग के पीएमश्री स्कूलों के नोडल अधिकारी चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि पीएमश्री स्कूल जिले की पहचान हैं, इसलिए इनका संचालन उत्कृष्ट स्तर पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए। प्रत्येक विकासखंड में संचालित पीएमश्री विद्यालयों को आदर्श बनाकर अन्य स्कूलों को भी प्रेरित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नवाचार आधारित गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने कार्यालयीन कार्यप्रणाली पर भी विशेष ध्यान देते हुए सभी स्कूलों में रिकार्ड एवं लेखा-जोखा व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि शिक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी शिक्षक या विषय शिक्षक द्वारा पढ़ाई में उदासीनता बरती जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आगामी बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में स्कूल भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी दी कि निर्माण गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समय-सीमा में पूर्ण कराए जाएं।
कलेक्टर ने यह भी बताया कि आगामी दिनों में दिल्ली से ज्वाइंट सेक्रेटरी द्वारा जिले के पीएमश्री विद्यालयों का निरीक्षण प्रस्तावित है। इसको देखते हुए उन्होंने सभी विद्यालयों की वर्तमान स्थिति, लक्ष्य एवं आवश्यक तैयारियों की जानकारी लेकर लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विद्यालयों में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने तथा परिणाम सुधार के लिए विशेष रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।
- सारंगढ़:स्कूल भवन निर्माण की गुणवत्ता से समझौता नहीं…कलेक्टर के सख्त निर्देश, पीएमश्री स्कूलों की समीक्षा बैठक में चेतावनी… - February 23, 2026
- सारंगढ़:नजूल खसरा में नाम दर्ज कराने का मामला… 5 मार्च तक मांगे गए दावा-आपत्ति…. - February 23, 2026
- नगर पालिका की लापरवाही की भेंट चढ़ा वार्ड-05..जल कर दे रहे रहवासी, फिर भी पानी को तरसे.. - February 23, 2026
