शिक्षकों के हक के लिए उठी आवाज: संयुक्त शिक्षक संघ ने DEO से की मुलाकात…स्थानीय समस्याओं के समाधान पर बनी सहमति…
सारंगढ़-बिलाईगढ़: छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के जिला स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की लंबित समस्याओं और विभागीय विसंगतियों को दूर करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाध्यक्ष श्री चोखलाल पटेल के नेतृत्व में संघ ने नवनियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) श्री जे.आर. डहरिया से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और शिक्षकों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
अब हर माह होगी ‘संवाद’ की बैठक
बैठक के दौरान संगठन ने एक नवाचारी सुझाव रखा कि जिला शिक्षा कार्यालय और कर्मचारी संघों के बीच बेहतर समन्वय के लिए हर माह के अंत में एक समीक्षा बैठक आयोजित की जाए। जिला शिक्षा अधिकारी श्री डहरिया ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे तत्काल स्वीकार कर लिया और इसी माह से बैठकें शुरू करने का आश्वासन दिया।
प्रमुख माँगें जिन पर हुई चर्चा-
प्रतिनिधिमंडल ने बिंदुवार मांग पत्र सौंपते हुए निम्नलिखित समस्याओं के निराकरण की मांग की जैसे
सभी एल.बी. संवर्ग के शिक्षकों को मार्च माह में ‘फॉर्म 16’ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना।
छूटे हुए वार्षिक वेतन वृद्धि को जोड़ते हुए लंबित एरियर्स का भुगतान और चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का त्वरित निराकरण।
उच्च परीक्षा की अनुमति के आदेश जारी करना, सेवा पुस्तिका (Service Book) का संधारण व सत्यापन सुनिश्चित करना।
सीजी स्कूल पोर्टल पर शिक्षकों के अवकाश का विवरण अद्यतन करना और लंबित अवकाशों को स्वीकृत कर वेतन जारी करना।
RTI के तहत मांगी गई जानकारियों को समय सीमा के भीतर प्रदान करना।
DEO ने दिए तत्काल निर्देश-
शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने मौके पर ही कार्यालयीन लिपिकों को निर्देशित किया कि ज्ञापन में उल्लेखित बिंदुओं पर अविलंब आधिकारिक पत्र जारी किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षकों की जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा ताकि वे तनावमुक्त होकर अध्यापन कार्य कर सकें।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल-
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिलाध्यक्ष चोखलाल पटेल के साथ रामकुमार कोसले, पंच राम साहू, विजय ईजारदार, पुरंदर सिंह पटेल, शिव कुमार साहू, प्रदीप नेताम, कौशल कुमार पटेल, अनिल कुमार खलखो, रामकिशोर पटेल, रामदीन सिदार, राजीव नयन पटेल, यशवन्त दीवान, जीवित कुमार नायक, सेत राम खड़िया, शैलेंद्र भूमिजन, दीपक भगत एवं सत्य नारायण चंद्रा सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
- छत्तीसगढ़:युवक ने खुद को मारा चाकू, कुएं में गिरा, फिर… - February 18, 2026
- छत्तीसगढ़:बैडमिंटन खेलते-खेलते आया हार्ट अटैक, कारोबारी की गिरते ही हो गई मौत… - February 18, 2026
- छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों में बदलेगा मौसम, रात के तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी का अनुमान… - February 18, 2026
