सारंगढ़। जिले में विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। समय-सीमा की बैठक (TL) के दौरान उन्होंने न केवल जिले के प्रगतिरत कार्यों की गहन समीक्षा की, बल्कि स्पष्ट लहजे में अधिकारियों को हिदायत दी कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रमुख योजनाओं पर पैनी नजर
कलेक्टर ने केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं धरती आबा, आयुष्मान कार्ड, पीएम सूर्यघर, और पीएम स्वनिधि—की प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता को इन योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलना चाहिए। साथ ही, उन्होंने सभी सरकारी कर्मचारियों को मार्च तक ‘आई गॉट कर्मयोगी’ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण करने के निर्देश दिए।
अवैध उत्खनन पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की तैयारी-
जिले में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने खनिज अधिकारी को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि
राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम बनाकर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगाम लगाएँ।
पीएम आवास के हितग्राहियों को रेत मिलने में दिक्कत न हो, इसके लिए उनके ट्रैक्टरों की सूची तैयार की जाए ताकि वास्तविक हितग्राहियों की पहचान हो सके।
संवेदनशीलता और जन-संपर्क
डॉ. कन्नौजे ने मुख्यमंत्री जनदर्शन और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त आवेदनों को पूरी ‘गंभीरता और संवेदनशीलता’ से हल करने पर जोर दिया। किसानों के हित में उन्होंने तहसीलदार और पटवारियों को 100% गिरदावरी सुनिश्चित करने को कहा है ताकि दलहन-तिलहन की खरीदी समर्थन मूल्य पर सुचारू रूप से हो सके।
प्रशासन गाँव की ओर
जिले के सुदूर क्षेत्रों तक पहुँचने के लिए कलेक्टर अब ‘रात्रिकालीन जन चौपाल’ का आयोजन करेंगे। इसकी शुरुआत सरिया तहसील के ऐतिहासिक गाँव सांकरा से होगी, जो भौगोलिक रूप से ओडिशा से घिरा है और रियासत कालीन धरोहर समेटे हुए है।
- सारंगढ़:ई-चालान के नाम पर बड़ा साइबर खेल! एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक खाता… - September 14, 2026
- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
