सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने समय-सीमा बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की प्राथमिक योजनाओं और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पीएम आवास, सरस्वती सायकल, निःशुल्क गणवेश, पोषण शक्ति निर्माण और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की ब्लॉकवार समीक्षा की गई। स्वीकृति मिलने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाले हितग्राहियों की स्थिति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं एसडीएम को भेजे गए वसूली प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सरस्वती सायकल योजना में 4,454 के लक्ष्य के विरुद्ध 4,450 सायकल वितरित की जा चुकी हैं। कलेक्टर ने शेष सायकलों का वितरण भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसी तरह निःशुल्क गणवेश योजना में 1,09,602 के लक्ष्य के विरुद्ध 1,09,602 गणवेश का वितरण पूर्ण बताया गया।
पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की समीक्षा में सामने आया कि जिले की 80.44 प्रतिशत शालाएं किचन गार्डन से जुड़ी हैं, जबकि 19.56 प्रतिशत शालाएं अभी किचन गार्डन से वंचित हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शेष शालाओं में भी किचन गार्डन विकसित कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को पोषणयुक्त आहार से जोड़ा जा सके।
बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा लंबित भुर्जन प्रकरणों और सुशासन तिहार के आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम उमेश कुमार साहू, एसडीएम ऋचा सिंह, डिप्टी कलेक्टर शंकर सिन्हा, वर्षा बंसल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

- सारंगढ़ में योजनाओं पर कलेक्टर का फोकस, लंबित मामलों के जल्द निराकरण के निर्देश… - September 23, 2026
- सारंगढ़ की शार्वी ने चक्रधर समारोह में बिखेरा कथक का जादू…सुर-ताल और घुंघरुओं की गूंज में साकार हुई आदिशक्ति की भावमयी अभिव्यक्ति…. - September 23, 2026
- सर्वसुविधायुक्त स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आध्यात्मिक मूल्यों की मिसाल पेश कर रहा मनसा नर्सिंग होम..नौ दिवसीय गणेशोत्सव का भव्य समापन, ‘बप्पा’ को भावभीनी विदाई..डॉक्टरों व स्टाफ ने की क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना.. - September 22, 2026
