अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन: उमा संजय छपारिया सर्वसम्मति से बनीं नई प्रांतीय अध्यक्ष…रायपुर में आयोजित प्रांतीय अधिवेशन में सौंपी गई 49 शाखाओं की जिम्मेदारी…सीमा गुप्ता सचिव व रेखा सिंघानिया कोषाध्यक्ष मनोनीत..
सारंगढ़/रायपुर। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन छत्तीसगढ़ प्रांत का भव्य प्रांतीय अधिवेशन विगत 27 दिसंबर को रायपुर के विमतारा (उमंग शाखा) के आतिथ्य में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में संगठन की मजबूती और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा के साथ आगामी सत्र 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अरुणा अग्रवाल ने की। अधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजू सरावगी, राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण प्रमुख रेखा महमिया, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष गीता जी और राष्ट्रीय पर्यावरण सह प्रमुख उषा जी की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिसके बाद विभिन्न शाखाओं की गतिविधियों की समीक्षा की गई।
उमा छपारिया को मिली कमान
अधिवेशन का मुख्य आकर्षण नई प्रांतीय अध्यक्ष का चयन रहा, जिसमें उमा संजय छपारिया को सर्वसम्मति से वर्ष 2026-28 के लिए प्रांतीय अध्यक्ष चुना गया। ताजपोशी के साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ प्रांत की सभी 49 शाखाओं के सफल संचालन का कार्यभार सौंपा गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्पगुच्छ और अभिनंदन पत्र भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
नई कार्यकारिणी का मनोनयन
नवनियुक्त प्रांतीय अध्यक्ष उमा संजय छपारिया ने अपनी टीम की घोषणा करते हुए सीमा गुप्ता को प्रांतीय सचिव और रेखा सिंघानिया को प्रांतीय कोषाध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया। सदस्यों ने करतल ध्वनि से इस निर्णय का स्वागत किया।
महिला सशक्तिकरण और सेवा का संकल्प
अपने प्रथम संबोधन में नवनियुक्त अध्यक्ष उमा छपारिया ने कहा, “संगठन की सभी 49 शाखाओं को एक सूत्र में पिरोकर महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में प्रभावी कार्य किए जाएंगे।” उन्होंने विश्वास दिलाया कि टीम भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा।
अधिवेशन में प्रदेश भर से आई बड़ी संख्या में महिला सदस्यों ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा वातावरण उत्साहपूर्ण और ऊर्जा से लबरेज रहा।
- मार्शल आर्ट्स से आत्मरक्षा की अलख जगा रहे राजेश नायक और विजेंद्र गुड्डू यादव.. - February 13, 2026
- सारंगढ़ सखी वन स्टॉप सेंटर पीड़ित महिलाओं के लिए सुरक्षा और न्याय का ‘सशक्त कवच’,जनपद अध्यक्ष ममता राजीव सिंह ने की सराहना… - February 13, 2026
- सारंगढ़ प्रेसिडेंट कप 2026 फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ - February 13, 2026
