बटाला के कस्बा घुमाण के गांव सखोवाल के पास मंगलवार को एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के चक्कर में कार ने अपना संतुलन खो दिया और पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई।

तीनों आपस में रिश्तेदार थे और तीनों फतेहगढ़ चूड़ियां से शादी समारोह से मंगलवार को वापस अपने घर जा रहे थे। तीनों ही कार सवार उत्तराखंड के रहने वाले थे। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर बटाला के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुखपाल सिंह निवासी गांव तेजा खुर्द फतेहगढ़ चूड़ियां ने बताया कि उसकी लड़की की शादी थी। इसमें शामिल होने उसकी मौसी का लड़का वरिंदर सिंह अपने दो अन्य रिश्तेदारों के साथ अपनी आई 20 कार से आया था। सोमवार को शादी के बाद मंगलवार सुबह वरिंदर सिंह निवासी गांव बिगवाड़ा उत्तराखंड अपने दो रिश्तेदारों गुरतेज सिंह निवासी बिलासपुर और जिंदरपाल सिंह निवासी बिगवाड़ा उत्तराखंड कार से वापस जा रहे थे। जब वह श्री हरगोबिंदपुर रोड पर गांव सक्खोवाल के नजदीक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो अचानक से एक मोटरसाइकिल सवार सड़क पर आ गया।
कार चालक ने उस मोटरसाइकिल को बचाने की कोशिश की तो उसकी कार असंतुलित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर खेत में आ गिरी। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जबरदस्त हादसे के कारण कार सवार तीनों की मौके पर मौत हो गई। तीनों के शव क्षतिग्रस्त कार के पास ही पड़े मिले। हादसा के दौरान कार के बुरी तरह से परखच्चे उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस चौकी उधनवाल और थाना घुमाण की पुलिस ने घटना का जायजा लिया। घुमाण पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर 174 की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
- गांजा तस्करों पर सरिया पुलिस का शिकंजा, थाना प्रभारी की मुस्तैदी से 10.761 किलो गांजा बरामद… - September 13, 2026
- भादी अमावस्या पर दादी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब… - September 13, 2026
- पकोड़े खाकर हो गए हैं बोर? बारिश में बनाएं कुरकुरी कोथंबीर वडी, जानें आसान विधि… - September 13, 2026
